May 1, 2026

पूर्वांचल में झमाझम बारिश का दौर जारी, गुरुवार शाम तक भारी वर्षा और वज्रपात की चेतावनी

पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार के कई हिस्सों में एक बार फिर मानसून सक्रिय हो गया है। बनारस सहित पूरे पूर्वांचल में मंगलवार से रुक-रुक कर बारिश हो रही है, जिससे जनजीवन प्रभावित होने लगा है। मौसम विभाग के मुताबिक, दक्षिण-पश्चिमी बिहार और उससे सटे पूर्वी उत्तर प्रदेश में ऊपरी वायुमंडल तक फैले एक स्पष्ट निम्न दबाव क्षेत्र के कारण अगले 24 घंटों के भीतर यह सिस्टम पश्चिम उत्तर-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ेगा। इसका असर गुरुवार की शाम तक महसूस किया जा सकता है, जब कुछ स्थानों पर भारी बारिश और वज्रपात की संभावना जताई गई है।

बाबतपुर स्थित मौसम विज्ञान केंद्र के अनुसार, मंगलवार सुबह आठ बजे से लेकर बुधवार शाम छह बजे तक 34 घंटों में कुल मिलाकर 90 मिमी से अधिक वर्षा रिकॉर्ड की गई है। वहीं, शहरी क्षेत्रों में इस अवधि में कुल 24.6 मिमी बारिश दर्ज हुई। लगातार हो रही बारिश की वजह से पूरे दिन बादल छाए रहे और तापमान सामान्य से लगभग 5 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया।

बाबतपुर क्षेत्र में मंगलवार सुबह 8 बजे से शाम 7 बजे तक 18.6 मिमी वर्षा हुई, जबकि शहरी क्षेत्र में 4.4 मिमी बारिश दर्ज की गई। सुबह 8:30 बजे तक यह आंकड़ा क्रमश: 57 मिमी और 21 मिमी तक पहुंच गया। इसके बाद बुधवार को सुबह 8:30 बजे से शाम 6 बजे के बीच बाबतपुर में 22.6 मिमी और शहर में 3.6 मिमी बारिश दर्ज की गई।

बारिश के दौरान वातावरण में नमी की मात्रा भी काफी अधिक रही। आर्द्रता का स्तर 100 से 94 प्रतिशत के बीच बना रहा। तापमान में भी उल्लेखनीय गिरावट देखने को मिली। शहरी क्षेत्र में अधिकतम तापमान सामान्य से 4.9 डिग्री कम होकर 28.9 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया, जबकि न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 0.8 डिग्री कम होकर 25.8 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया।

मौसम विभाग ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है, खासकर उन इलाकों में जहां पहले से जलजमाव या बिजली गिरने का खतरा अधिक रहता है। गुरुवार शाम तक बारिश का यह सिलसिला जारी रहने की संभावना है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!