May 1, 2026

एलएंडटी चेयरमैन को पिछले वित्त वर्ष में मिला 76.28 करोड़ रुपये का पारिश्रमिक, 50% की बड़ी बढ़ोतरी

इंजीनियरिंग और इंफ्रास्ट्रक्चर क्षेत्र की प्रमुख कंपनी लार्सन एंड टुब्रो (L&T) के चेयरमैन एस. एन. सुब्रह्मण्यन के पारिश्रमिक में पिछले वित्त वर्ष (2024-25) के दौरान जबरदस्त उछाल देखने को मिला है। कंपनी की वार्षिक रिपोर्ट के मुताबिक, उन्हें इस अवधि में कुल 76.28 करोड़ रुपये का पैकेज मिला, जो 2023-24 में मिले 51.05 करोड़ रुपये के मुकाबले लगभग 50 प्रतिशत ज्यादा है।

इस भारी बढ़ोतरी की प्रमुख वजह कंपनी द्वारा जारी किए गए इंप्लॉयी स्टॉक ऑप्शन (ESOP) का इस्तेमाल बताया गया है। सुब्रह्मण्यन ने 2024-25 में 15.88 करोड़ रुपये के ESOP को भुनाया, जबकि पिछले वित्त वर्ष में इसका उपयोग नहीं किया गया था। इसके अलावा, उनका वेतन, बोनस और अन्य लाभों को मिलाकर यह कुल पारिश्रमिक बना।

सुब्रह्मण्यन कुछ समय पहले तब सुर्खियों में आए थे जब उन्होंने हफ्ते में 90 घंटे काम करने की बात कही थी और कर्मचारियों को रविवार को भी काम करने का सुझाव दिया था। इस बयान पर सोशल मीडिया में काफी आलोचना हुई, जिसके बाद कंपनी ने सफाई दी थी कि चेयरमैन का आशय ‘बेहतर परिणामों के लिए अधिक मेहनत की जरूरत’ से था।

एलएंडटी की रिपोर्ट के अनुसार, कंपनी के मुख्य वित्त अधिकारी (CFO) आर. शंकर रमन को 2024-25 में 37.33 करोड़ रुपये का पारिश्रमिक मिला, जबकि डिप्टी मैनेजिंग डायरेक्टर और प्रेसिडेंट सुब्रमण्यम सरमा को 44.55 करोड़ रुपये का भुगतान किया गया।

कंपनी के शेयर बाजार प्रदर्शन की बात करें तो गुरुवार को बीएसई पर L&T के शेयर 0.78% की गिरावट के साथ ₹3474.30 पर बंद हुए। फिलहाल इसका मार्केट कैप 4.77 लाख करोड़ रुपये से अधिक है। कंपनी 29 जुलाई 2025 को पहली तिमाही के वित्तीय नतीजे जारी करने वाली है, जिस पर बाजार की नजरें टिकी होंगी।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!