फ्लाइट में जब पायलट बोले “PAN-PAN-PAN”, तो क्या होता है? जानिए ‘Mayday’ से कैसे अलग है ये कोड
हाल ही में इंडिगो की एक फ्लाइट को इंजन में तकनीकी खराबी के चलते मुंबई में आपातकालीन लैंडिंग करनी पड़ी। दिल्ली से गोवा जा रही इस फ्लाइट ने जब खतरा महसूस किया तो पायलट ने एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) को “PAN-PAN-PAN” मैसेज भेजा। लेकिन यह कॉल ‘Mayday’ नहीं थी, बल्कि उससे अलग और कम खतरनाक स्थिति को दर्शाती है। ऐसे में यह जानना जरूरी है कि पायलट द्वारा तीन बार ‘PAN’ कहने का क्या मतलब होता है और यह इमरजेंसी कितनी गंभीर होती है।
‘PAN’ शब्द की उत्पत्ति फ्रेंच शब्द ‘Panne’ से हुई है, जिसका मतलब होता है तकनीकी समस्या या खराबी। जब पायलट ‘PAN-PAN-PAN’ कॉल देता है, तो इसका अर्थ होता है कि विमान में कोई गंभीर तकनीकी समस्या आ गई है, लेकिन अभी स्थिति नियंत्रण में है और जान का खतरा तुरंत नहीं है। इसके विपरीत ‘Mayday’ कॉल उस वक्त दी जाती है जब विमान को जानलेवा खतरा हो या हादसा लगभग तय हो। इस तरह की कॉल पर एयरपोर्ट और ATC तुरंत एक्शन में आ जाते हैं और विमान को प्राथमिकता के आधार पर रनवे अलॉट कर दिया जाता है।
दिल्ली से गोवा जा रही फ्लाइट संख्या 6E 6271 के एक इंजन में खराबी आने के बाद यह कॉल दी गई थी। उसी दिन एक और फ्लाइट दिल्ली से पटना जा रही थी, जो लैंडिंग के दौरान टचपॉइंट मिस कर गई और काफी देर तक हवा में चक्कर लगाती रही। दोनों घटनाओं से यात्रियों में डर का माहौल बन गया। हालाँकि इंडिगो प्रवक्ता ने बताया कि सभी यात्रियों की सुरक्षित लैंडिंग कराई गई और पायलट ने समय रहते सही निर्णय लिया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। लगातार आ रही इन घटनाओं ने विमानन सुरक्षा पर नई बहस छेड़ दी है।
Share this content:
