जमैका टेस्ट में इतिहास बना: एक पारी में 7 बल्लेबाज़ ‘डक’ पर आउट, 148 साल में पहली बार
लॉर्ड्स टेस्ट में जहां टीम इंडिया का संघर्ष चर्चा में रहा, वहीं उससे करीब 7500 किलोमीटर दूर जमैका में ऐसा इतिहास रचा गया, जो क्रिकेट प्रेमियों को हैरान कर गया। वेस्टइंडीज और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेले गए टेस्ट मैच में क्रिकेट इतिहास की वो घटना घटी, जो आज से पहले टेस्ट के 148 सालों में कभी नहीं हुई थी।
जमैका में खेले गए मुकाबले की दूसरी पारी में वेस्टइंडीज के सात बल्लेबाज बिना खाता खोले ही पवेलियन लौट गए। यह रिकॉर्ड टेस्ट इतिहास में पहली बार दर्ज हुआ है। इससे पहले अधिकतम 6 बल्लेबाजों के जीरो पर आउट होने की नौ घटनाएं दर्ज थीं, लेकिन 7 खिलाड़ी ‘डक’ पर आउट होना अब तक की सबसे बड़ी शर्मनाक फेहरिस्त में शामिल हो गया है।
जिन बल्लेबाजों ने यह दुर्भाग्यपूर्ण रिकॉर्ड बनाया, उनके नाम हैं: जॉन कैंपबेल, केवलॉन एंडरसन, ब्रेंडन किंग, रोस्टन चेज, शेमार जोसेफ, जोमेल वारिकन और जाइडन सील्स। इन सभी का ऑस्ट्रेलियाई गेंदबाजों के सामने टिकना नामुमकिन साबित हुआ।
इतना ही नहीं, इस खराब प्रदर्शन के चलते वेस्टइंडीज की पूरी टीम सिर्फ 27 रनों पर ढेर हो गई। यह न सिर्फ वेस्टइंडीज का टेस्ट इतिहास में सबसे छोटा स्कोर है, बल्कि टेस्ट क्रिकेट का ओवरऑल दूसरा सबसे कम टोटल भी है। पहला रिकॉर्ड अब भी 1955 में इंग्लैंड के खिलाफ न्यूजीलैंड द्वारा बनाए गए 26 रनों का है।
इस ऐतिहासिक पारी को समाप्त करने में सबसे बड़ा हाथ रहा मिचेल स्टार्क का, जिन्होंने सिर्फ 15 गेंदों में 5 विकेट चटकाकर टेस्ट क्रिकेट में सबसे तेज 5 विकेट लेने वाले गेंदबाज बन गए। इससे पहले यह रिकॉर्ड 19-19 गेंदों में 5 विकेट लेकर एर्नी टोशैक, स्टुअर्ट ब्रॉड और स्कॉट बोलैंड के नाम था। साथ ही स्टार्क ने इस पारी में 6 विकेट लेकर अपने टेस्ट करियर के 400 विकेट भी पूरे कर लिए, और ऐसा करने वाले डेल स्टेन के बाद गेंदों के लिहाज़ से दूसरे सबसे तेज गेंदबाज़ बन गए।
वहीं, दूसरी ओर ऑस्ट्रेलिया के ही गेंदबाज़ स्कॉट बोलैंड ने भी कमाल कर दिखाया और अपने टेस्ट करियर की पहली हैट्रिक लेकर इतिहास में नाम दर्ज कराया। वे टेस्ट में हैट्रिक लेने वाले दुनिया के 45वें और ऑस्ट्रेलिया के 10वें गेंदबाज़ बन गए।
टेस्ट क्रिकेट का यह दिन निश्चित ही इतिहास में दर्ज हो गया – एक तरफ स्टार्क की गेंदबाज़ी का कहर, दूसरी ओर वेस्टइंडीज की पारी की करारी गिरावट। लॉर्ड्स से मीलों दूर खेले गए इस मैच ने एक नया अध्याय रच दिया, जिसे आने वाले वर्षों तक याद किया जाएगा।
Share this content:
