May 5, 2026

मथुरा में रिश्वत लेते रंगे हाथ पकड़ा गया वन विभाग का प्रधान सहायक, पेट्रोल पंप की एनओसी के लिए मांगे थे दो लाख, 50 हजार लेते ही दबोचा

मथुरा में एंटी करप्शन टीम ने शुक्रवार को वन विभाग के प्रधान सहायक किशोर चतुर्वेदी को 50 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया। यह रिश्वत आगरा-दिल्ली मार्ग स्थित नगला हसनपुर में पेट्रोल पंप की एनओसी जारी करने के एवज में ली जा रही थी। टीम ने घूस की रकम जब्त कर आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की धाराओं में केस दर्ज कर लिया है।

 

महावन के प्रेमनगर खुर्द निवासी रोहताश तंवर और नगला पौहपी निवासी राजन सिंह ने 8 जुलाई को एंटी करप्शन टीम से लिखित शिकायत की थी कि किशोर चतुर्वेदी ने एनओसी देने के लिए पहले दो लाख रुपये की मांग की थी। बाद में सौदा 50 हजार में तय हुआ। इसी शिकायत के आधार पर टीम ने योजना बनाई और शुक्रवार को दोनों शिकायतकर्ताओं को केमिकल लगे हुए 50 हजार रुपये देकर वन विभाग कार्यालय भेजा।

जैसे ही किशोर चतुर्वेदी ने वह पैसे लिए, शिकायतकर्ता कार्यालय से बाहर निकले और इशारा मिलते ही प्रभारी सहवीर सिंह के नेतृत्व में एंटी करप्शन टीम ने दबिश देकर आरोपी को रंगे हाथ पकड़ लिया। उसके पास से पूरी रिश्वत की रकम बरामद कर ली गई। इसके बाद उसे जमुनापार थाने ले जाकर एफआईआर दर्ज की गई।

 

सीओ संदीप सिंह ने बताया कि आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत केस दर्ज किया गया है और जांच जारी है। शनिवार को एंटी करप्शन टीम आरोपी को मेरठ की एंटी करप्शन कोर्ट में पेश करेगी, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेजा जाएगा। फिलहाल पूरा मामला एंटी करप्शन की निगरानी में है।

यह कार्रवाई सरकारी विभागों में व्याप्त भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी सफलता मानी जा रही है, जिसने अधिकारियों में हड़कंप मचा दिया है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!