May 5, 2026

IND vs ENG: ऋषभ पंत ने तोड़ा धोनी का रिकॉर्ड, अब सचिन तेंदुलकर को पीछे छोड़ने का सुनहरा मौका

लॉर्ड्स टेस्ट के दूसरे दिन का खेल खत्म होने तक भले ही स्कोरबोर्ड पर भारत के सिर्फ 145 रन हों और कप्तान शुभमन गिल 16 रन बनाकर पवेलियन लौट चुके हों, लेकिन टीम के उपकप्तान ऋषभ पंत एक बार फिर जिम्मेदारी निभाते दिखे। 19 रन बनाकर नाबाद लौटे पंत ने इस दौरान एक बड़ा रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया — उन्होंने इंग्लैंड में एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज बनने का गौरव हासिल किया, और इसके साथ ही उन्होंने एमएस धोनी का 11 साल पुराना रिकॉर्ड भी तोड़ डाला।

धोनी का रिकॉर्ड टूटा, पंत शीर्ष पर पहुंचे
2025 की इंग्लैंड टेस्ट सीरीज में पंत अब तक 2 शतक और 1 अर्धशतक की मदद से 361 रन बना चुके हैं। इससे पहले साल 2014 में एमएस धोनी ने इंग्लैंड के दौरे पर 349 रन बनाए थे, जो अब तक किसी भारतीय विकेटकीपर का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन था। दिलचस्प बात ये है कि पंत ने 2021 में भी इंग्लैंड में 349 रन बनाकर इस रिकॉर्ड की बराबरी की थी, लेकिन इस बार वह आंकड़ा पार करके सबसे ऊपर पहुंच गए हैं।

इंग्लैंड में एक टेस्ट सीरीज में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले भारतीय विकेटकीपर-बल्लेबाज:

ऋषभ पंत – 361 रन (2025)*

एमएस धोनी – 349 रन (2014)

ऋषभ पंत – 349 रन (2021)

सचिन और वेंगसरकर को पछाड़ने की कगार पर
तीसरे दिन पंत के सामने एक और ऐतिहासिक मौका होगा। अगर वह लॉर्ड्स टेस्ट में एक और शतक लगाने में सफल रहते हैं, तो इंग्लैंड की धरती पर सबसे ज्यादा टेस्ट शतक जड़ने वाले भारतीय खिलाड़ियों में भी वह शीर्ष पर पहुंच सकते हैं। अभी तक सचिन तेंदुलकर और दिलीप वेंगसरकर के नाम इंग्लैंड में 4-4 टेस्ट शतक हैं, जबकि पंत के नाम पहले से ही 4 शतक दर्ज हैं। एक और शतक उन्हें इस लिस्ट में अकेले शीर्ष पर ले जाएगा।

चोट के बावजूद मैदान में डटे पंत
गौर करने वाली बात यह भी है कि पंत इस समय पूरी तरह फिट नहीं हैं। पहले दिन विकेटकीपिंग करते हुए उन्हें जसप्रीत बुमराह की एक गेंद पकड़ने के प्रयास में उंगली में चोट लग गई थी, जिसके बाद वह इंग्लैंड की पहली पारी में कीपिंग के लिए मैदान में नहीं उतरे। बल्लेबाज़ी के दौरान भी वह दर्द से जूझते नज़र आए, लेकिन इसके बावजूद वह मजबूती से डटे हुए हैं।

अब पूरे देश की निगाहें तीसरे दिन पंत की बल्लेबाज़ी पर टिकी होंगी। अगर वह शतक बनाते हैं, तो न सिर्फ टीम इंडिया को मज़बूत स्थिति में पहुंचा सकते हैं, बल्कि खुद को एक और ऐतिहासिक मुकाम पर भी स्थापित कर देंगे।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!