लॉर्ड्स में इतिहास रचने से सिर्फ 1 रन दूर हैं जो रूट, क्या बन पाएंगे क्रिकेट के ‘शतकवीर’?
इंग्लैंड के दिग्गज बल्लेबाज जो रूट लॉर्ड्स टेस्ट में एक ऐतिहासिक मुकाम से महज 1 रन दूर हैं। भारत और इंग्लैंड के बीच जारी 5 मैचों की टेस्ट सीरीज के तीसरे मुकाबले में रूट 99 रन बनाकर नाबाद लौटे हैं और अब दूसरे दिन क्रीज पर उतरते ही अगर उन्होंने सिर्फ एक रन और बना लिया, तो वह न केवल इस मैच में शतक पूरा करेंगे बल्कि टेस्ट क्रिकेट में एक और बड़ी छलांग लगाएंगे।
लॉर्ड्स टेस्ट के पहले दिन इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 4 विकेट पर 251 रन बनाए। शुरुआत भले ही खराब रही, लेकिन मिडल ऑर्डर में जो रूट और कप्तान बेन स्टोक्स ने पारी को संभाला। दोनों के बीच 5वें विकेट के लिए 79 रनों की अहम साझेदारी हुई। रूट ने अपनी पारी को बेहद संयम से खेलते हुए 99 रनों तक पहुँचाया और अब वो एक रन बनाते ही टेस्ट क्रिकेट में अपना 37वां शतक जड़ देंगे।
यह शतक केवल एक और सैकड़ा नहीं होगा, बल्कि रूट को महान बल्लेबाजों की सूची में और ऊपर पहुंचा देगा। जैसे ही उनका 37वां टेस्ट शतक पूरा होगा, वह ऑस्ट्रेलिया के दिग्गज बल्लेबाज़ स्टीव स्मिथ को पीछे छोड़ देंगे और टेस्ट इतिहास में पांचवां सबसे ज्यादा टेस्ट शतक लगाने वाला बल्लेबाज बन जाएंगे। फिलहाल दोनों बल्लेबाज़ 36-36 शतकों के साथ बराबरी पर हैं।
टेस्ट क्रिकेट में अब तक सबसे ज्यादा शतक जड़ने वालों की सूची में सचिन तेंदुलकर (51), जैक कैलिस (45), रिकी पोंटिंग (41) और कुमार संगकारा (38) उनसे आगे हैं। लेकिन रूट की मौजूदा लय को देखते हुए लगता है कि वह इस सूची में और ऊपर चढ़ने को तैयार हैं।
रूट के टेस्ट आंकड़ों की बात करें तो उन्होंने अब तक 156 टेस्ट मैचों की 284 पारियों में 36 शतक और 67 अर्धशतक लगाए हैं। वहीं वनडे क्रिकेट में उनके नाम 18 शतक हैं। इस तरह इंटरनेशनल क्रिकेट में उनके नाम कुल 54 शतक दर्ज हैं। अब अगर वह लॉर्ड्स टेस्ट में एक और शतक पूरा करते हैं, तो दक्षिण अफ्रीका के हाशिम अमला के 55 शतकों की बराबरी कर लेंगे।
दुनिया में सबसे ज्यादा इंटरनेशनल शतक जड़ने का रिकॉर्ड सचिन तेंदुलकर (100 शतक) के नाम है, लेकिन रूट की निरंतरता और फिटनेस को देखते हुए यह सपना असंभव नहीं लगता कि वह इस सूची में भी तेजी से ऊपर की ओर बढ़ें।
लॉर्ड्स के मैदान पर शुक्रवार का पहला सत्र क्रिकेट प्रेमियों के लिए बेहद खास होने वाला है। क्या रूट रच पाएंगे इतिहास? क्या वह बन पाएंगे क्रिकेट के ‘शतकवीर’? जवाब कुछ ही घंटों में मिल जाएगा।
Share this content:
