April 30, 2026

जो रूट सिर्फ 1 रन दूर हैं ऐतिहासिक शतक से, लॉर्ड्स में बन सकता है नया रिकॉर्ड

भारत और इंग्लैंड के बीच लॉर्ड्स में खेले जा रहे तीसरे टेस्ट मैच में इंग्लैंड के अनुभवी बल्लेबाज जो रूट इतिहास रचाने के बेहद करीब हैं। पहले दिन का खेल खत्म होने तक रूट 99 रन बनाकर नाबाद लौटे और अब दूसरे दिन मैदान पर उतरते ही अगर वह एक रन और जोड़ते हैं, तो वह न केवल अपना शतक पूरा करेंगे, बल्कि टेस्ट क्रिकेट में एक खास मुकाम भी हासिल कर लेंगे।

लॉर्ड्स टेस्ट के पहले दिन इंग्लैंड ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की और दिन का अंत 4 विकेट पर 251 रन के स्कोर के साथ किया। सलामी बल्लेबाज जैक क्रॉली (18) और बेन डकेट (23) एक ही ओवर में आउट हो गए, जबकि ओली पोप (44) और हैरी ब्रूक (11) भी क्रीज पर लंबा नहीं टिक सके। भारत की ओर से नितीश कुमार रेड्डी ने दो और जसप्रीत बुमराह तथा रवींद्र जडेजा ने एक-एक विकेट लिया।

लेकिन जब टीम दबाव में थी, तब जो रूट ने एक बार फिर इंग्लैंड की कमान संभाली। कप्तान बेन स्टोक्स के साथ मिलकर उन्होंने 5वें विकेट के लिए 79 रन की साझेदारी की और टीम को स्थिरता दिलाई।

अब जो रूट के पास अपने टेस्ट करियर का 37वां शतक जड़ने का सुनहरा मौका है। जैसे ही वह एक रन और बनाते हैं, रूट स्टीव स्मिथ को पछाड़कर टेस्ट इतिहास में पांचवें सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज बन जाएंगे। अभी तक दोनों खिलाड़ियों के नाम 36-36 शतक हैं।

टेस्ट क्रिकेट में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले बल्लेबाज:

सचिन तेंदुलकर – 51

जैक कैलिस – 45

रिकी पोंटिंग – 41

कुमार संगकारा – 38

स्टीव स्मिथ – 36

जो रूट – 36

जो रूट ने अब तक 156 टेस्ट मैचों की 284 पारियों में 36 शतक और 67 अर्धशतक लगाए हैं। उनके नाम वनडे में भी 18 शतक दर्ज हैं, जिससे उनका इंटरनेशनल शतकों का आंकड़ा 54 हो चुका है। जैसे ही वह लॉर्ड्स में एक और शतक लगाते हैं, वह हाशिम अमला (55 शतक) की बराबरी कर लेंगे।

क्रिकेट प्रेमियों की निगाहें अब दूसरे दिन की पहली गेंद पर टिकी हैं। क्या जो रूट इस मौके को भुना पाएंगे और नया इतिहास लिखेंगे? या टीम इंडिया का कोई गेंदबाज उनकी उम्मीदों पर पानी फेर देगा? इसका जवाब जल्दी ही क्रिकेट के इस ऐतिहासिक मैदान पर मिल जाएगा।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!