April 30, 2026

मुरादाबाद में लिव-इन पार्टनर ने प्रेमिका की शादी की जिद पर दी जान, परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

उत्तर प्रदेश के मुरादाबाद से एक दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है, जहां तीन साल से लिव-इन में रह रहे युवक ने शादी की जिद कर रही प्रेमिका को कथित तौर पर जहर देकर मार डाला। मृतका रामपुर जिले की रहने वाली 22 वर्षीय युवती थी, जो उत्तराखंड के काशीपुर में एक निजी फर्म में नौकरी करती थी।

प्रेम कहानी की शुरुआत तीन साल पहले संभल जिले के सुल्तानपुर पट्टी गांव निवासी रिंकू से एक शादी समारोह में हुई थी। बातचीत के बाद दोनों का रिश्ता दोस्ती से होते हुए लिव-इन में रहने तक पहुँच गया। दोनों काशीपुर में साथ रह रहे थे। कुछ समय पहले युवती ने रिंकू से शादी की बात कही, जिस पर रिंकू ने हामी भरकर अपने परिवार से चर्चा की।

रिंकू की मां शादी की बातचीत के लिए युवती के परिवार से मिलने काशीपुर गईं, लेकिन पक्की सहमति देने के बजाय पति से सलाह की बात कहकर लौट आईं। इसके बाद मंगलवार को रिंकू अपनी प्रेमिका को मुरादाबाद के सिविल लाइंस थाना क्षेत्र स्थित पीलीकोठी में अपने जीजा जगत सिंह के घर ले गया। वहीं रिंकू के पिता चंद्रपाल ने फोन पर साफ कह दिया कि वे इस शादी के लिए राजी नहीं हैं।

परिजनों का आरोप है कि शादी से इनकार की बात सुनकर युवती टूट गई और रोने लगी। इसी दौरान रिंकू और उसके जीजा जगत सिंह ने उसे कथित तौर पर जबरन जहर पिला दिया। हालत बिगड़ने पर युवती को जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इस बीच रिंकू और उसका जीजा मौके से फरार हो गए।

मृतका के पिता की शिकायत पर पुलिस ने रिंकू, उसके जीजा जगत सिंह, पिता चंद्रपाल और बहनों ओमवती, मीरा और सुषमा के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। एसपी सिटी कुंवर रणविजय सिंह ने बताया कि एफआईआर के आधार पर जांच शुरू कर दी गई है और जल्द ही सभी आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!