May 5, 2026

वाराणसी डबल मर्डर: जमीन विवाद बना दोहरे हत्याकांड की वजह, बेटे ने बुजुर्ग पिता और बहन को ईंट और सिल-बट्टे से उतारा मौत के घाट

वाराणसी में मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब कैंट थाना क्षेत्र की प्रतापनगर कॉलोनी में एक ही परिवार के दो लोगों की बेरहमी से हत्या कर दी गई। मृतकों की पहचान 78 वर्षीय रिटायर्ड जलकलकर्मी रूप चंद्र भारद्वाज और उनकी बेटी 50 वर्षीय शिवकुमारी के रूप में हुई है।

प्राथमिक जांच में सामने आया है कि इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने वाला और कोई नहीं, बल्कि खुद मृतक का बेटा राजेश भारद्वाज उर्फ राजू है। पुलिस ने बताया कि लंबे समय से परिवार में जमीन को लेकर विवाद चल रहा था, जो मंगलवार सुबह एक बार फिर बहस का कारण बना। बहस इतनी बढ़ गई कि राजेश ने आपा खोते हुए पहले अपने पिता पर ईंट और सिल-बट्टे से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। जब बीच-बचाव में आई बहन शिवकुमारी ने उसे रोकने की कोशिश की, तो उसने उस पर भी जानलेवा हमला कर दिया। दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।

शिवकुमारी गाजीपुर जिले के जलालाबाद हरदासपुर की रहने वाली थीं और कुछ समय से पिता के पास वाराणसी में ही रह रही थीं। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई और मौके पर स्थानीय लोग इकट्ठा हो गए।

घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस विभाग में हड़कंप मच गया। अपर पुलिस आयुक्त (अपराध) राजेश कुमार सिंह, पुलिस आयुक्त (कानून व्यवस्था) शिवहरी मीणा, अपर पुलिस उपायुक्त नीतू, कैंट एसीपी नितिन तनेजा और इंस्पेक्टर शिवाकांत मिश्रा तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे।

पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आरोपी बेटे राजेश को हिरासत में ले लिया है। घटनास्थल से हत्या में इस्तेमाल ईंट, सिल-बट्टा और लोहे की रॉड भी बरामद की गई है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, हत्या के पीछे की मुख्य वजह संपत्ति को लेकर पारिवारिक विवाद है। फिलहाल आरोपी से पूछताछ की जा रही है और घटना के हर पहलू की गहराई से जांच जारी है। इस दोहरे हत्याकांड ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि पारिवारिक मतभेद किस हद तक जानलेवा बन सकते हैं।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!