भदोही: 70 वर्षीय पिता ने पैसों के विवाद में बेटे की गोली मारकर की हत्या, गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश के भदोही जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां 70 वर्षीय एक बुजुर्ग ने अपने ही बेटे की राइफल से गोली मारकर हत्या कर दी। मामला औराई थाना क्षेत्र के चेरापुर गांव का है, जहां कैलाश नाथ दुबे नामक व्यक्ति ने पैसों के विवाद में अपने बेटे तनंजय दुबे (47) पर लाइसेंसी राइफल से दो गोलियां चलाईं।
पुलिस अधीक्षक अभिमन्यु मांगलिक ने जानकारी दी कि तनंजय दुबे मुंबई से अपने गांव में होने वाले पारिवारिक विवाह समारोह में शामिल होने आया था। इसी दौरान पैसों को लेकर उसकी अपने पिता कैलाश नाथ से बहस हो गई। तनंजय के बेटे विशाल दुबे उर्फ राजा ने पुलिस को दी गई तहरीर में बताया कि कहासुनी के दौरान गुस्से में आए दादा ने अपने बेटे पर गोली चला दी। पहली गोली चूक गई, लेकिन दूसरी गोली तनंजय को जा लगी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
परिजनों ने घायल तनंजय को अस्पताल पहुंचाया, लेकिन शनिवार रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया और हत्या का केस दर्ज कर लिया। आरोपी कैलाश नाथ दुबे को राइफल सहित उसके घर से गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
Share this content:
