IND vs ENG: शुभमन गिल के सामने कड़ा फैसला, क्या शार्दुल ठाकुर को करेंगे बाहर? नितीश कुमार रेड्डी को मिल सकता है मौका
भारत और इंग्लैंड के बीच पांच टेस्ट मैचों की सीरीज का दूसरा मुकाबला 2 जुलाई से बर्मिंघम में खेला जाएगा, लेकिन उससे पहले ही टीम इंडिया के लिए प्लेइंग इलेवन को लेकर असमंजस गहराता जा रहा है। पहले टेस्ट में पांच विकेट से करारी हार झेल चुकी भारतीय टीम अब बदलाव के मूड में दिख रही है। कप्तान शुभमन गिल के सामने सबसे बड़ा सवाल यह है कि क्या वो नाकाम खिलाड़ियों को बाहर का रास्ता दिखाने का जिगरा दिखा पाएंगे? सबसे ज्यादा चर्चा इस समय शार्दुल ठाकुर को लेकर हो रही है, जिनका प्रदर्शन पहले टेस्ट में निराशाजनक रहा था।
पहले टेस्ट में शार्दुल ठाकुर को पेस ऑलराउंडर के रूप में टीम में शामिल किया गया था। लेकिन वे ना तो बल्ले से कमाल कर पाए और ना ही गेंद से प्रभाव छोड़ सके। पहली पारी में उन्होंने केवल 8 गेंदों में 1 रन बनाया और दूसरी पारी में 12 गेंदों पर 4 रन। वहीं गेंदबाजी में भी पहली पारी में बिना विकेट लिए 6 ओवर में 38 रन लुटा दिए, जबकि दूसरी पारी में 10 ओवर में 51 रन देकर 2 विकेट लिए, लेकिन उनकी इकॉनमी 5.1 रही जो टेस्ट मैच के लिहाज से काफी ज्यादा मानी जाती है।
शार्दुल की इस नाकामी के बाद टीम मैनेजमेंट अब नितीश कुमार रेड्डी की ओर देख सकता है, जो बतौर ऑलराउंडर स्क्वाड में पहले से मौजूद हैं। हालांकि नितीश का अनुभव सीमित है, लेकिन उन्होंने अब तक अपने पांच टेस्ट मुकाबलों में 298 रन बनाए हैं, जिसमें एक शानदार शतक भी शामिल है। इसके अलावा गेंद से भी वे पांच विकेट ले चुके हैं। भले ही वे नए खिलाड़ी हैं, लेकिन जब भी उन्हें मौका मिला, उन्होंने खुद को साबित करने की कोशिश की है।
कप्तान शुभमन गिल के सामने अब कड़ा फैसला है कि वो पुराने अनुभव के आधार पर शार्दुल ठाकुर को एक और मौका दें या फिर युवा जोश और संभावनाओं को देखते हुए नितीश कुमार रेड्डी को मौका दें। भारत के लिए यह टेस्ट मैच सीरीज में वापसी करने का बड़ा मौका है और ग़लत संयोजन एक और हार की वजह बन सकता है। अब सभी की निगाहें 2 जुलाई को होने वाली प्लेइंग इलेवन पर टिकी हैं, जहां शुभमन गिल का चयन फैसला टीम की दिशा तय कर सकता है।
Share this content:
