गुजरात कांग्रेस में बड़ा फेरबदल, 40 जिलों में नए अध्यक्षों की नियुक्ति, जानिए किसे कहां से मिली जिम्मेदारी
गुजरात कांग्रेस ने संगठन सृजन अभियान के तहत राज्य में बड़े स्तर पर बदलाव करते हुए 40 जिलों और शहरों में नए कांग्रेस अध्यक्षों की नियुक्ति की है। इस सूची में कई नए चेहरों को शामिल किया गया है, जबकि कुछ पुराने नेताओं को उनके पद पर बरकरार रखा गया है। अहमदाबाद शहर की कमान सोनल पटेल को सौंपी गई है, वहीं वडोदरा शहर और ग्रामीण में पूर्व अध्यक्षों को ही जिम्मेदारी दी गई है। इस बदलाव के साथ पार्टी ने संकेत दिया है कि वह संगठन में युवा और अनुभवी दोनों वर्गों को साथ लेकर चलने की रणनीति पर काम कर रही है।
पार्टी द्वारा घोषित सूची में अमरेली से प्रताप दूधात, आणंद से अल्पेश पढियार, अरवल्ली से अरनूभाई पटेल, बनासकांठा से गुलाब सिंह राजपूत, भरुच से राजेन्द्र सिंह राणा और भावनगर ग्रामीण से प्रवीण राठौड़ को अध्यक्ष नियुक्त किया गया है। वहीं भावनगर शहर की जिम्मेदारी मनोहर सिंह (लालभा), बोटाद में हिम्मत सिंह कटारिया, छोटाउदेपुर में शशिकांत राठवा और दाहोद में हर्षदभाई निनामा को दी गई है।
इसके अलावा डांग में स्नेहिल ठाकरे, देवभूमि द्वारका में पालभाई आंबलिया, गांधीनगर में अरविंद सिंह सोलंकी और गांधीनगर शहर में शक्ति पटेल को अध्यक्ष बनाया गया है। राजकोट शहर में डॉ. राजदीप सिंह जाडेजा, ग्रामीण में हितेश वोहरा, सूरत शहर में विपुलभाई उधनावाला और सूरत ग्रामीण में आनंद चौधरी को जिम्मेदारी मिली है। वडोदरा ग्रामीण से जसपाल सिंह पढियार और शहर से ऋत्विक जोशी को कमान सौंपी गई है।
अन्य प्रमुख नियुक्तियों में वलसाड से किशनभाई पटेल, गिर सोमनाथ से पुंजाभाई वंश, जामनगर शहर से वीरेन्द्र सिंह जाडेजा, जामनगर ग्रामीण से मनोज कथीरिया, जूनागढ़ शहर से मनोज जोशी, खेड़ा से कालू सिंह डाभी, कच्छ से वी. के. हुंबल, महीसागर से हर्षद पटेल, महेसाणा से बलदेवजी ठाकोर, मोरबी से किशोरभाई चिखलिया, नर्मदा से रंजीत सिंह तडवी, नवसारी से शैलेषभाई पटेल, पंचमहाल से चेतन सिंह परमार, पाटण से घेमरभाई पटेल और पोरबंदर से रामभाई मारू को जिला अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।
कांग्रेस के संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल ने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष ने इन नियुक्तियों को तुरंत प्रभाव से मंजूरी दे दी है। उन्होंने बताया कि यह नियुक्तियां पार्टी के संगठन सृजन अभियान का हिस्सा हैं, जो बूथ से लेकर जिला स्तर तक पार्टी ढांचे को पुनर्जीवित करने के उद्देश्य से शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि इस प्रक्रिया में पारदर्शिता, समावेशिता और वैचारिक प्रतिबद्धता को प्राथमिकता दी गई है। पार्टी का लक्ष्य है कि भविष्य की लड़ाई के लिए एक मजबूत और प्रतिबद्ध संगठनात्मक ढांचा खड़ा किया जा सके।
Share this content:
