प्रयागराज में लुटेरी दुल्हन गैंग का भंडाफोड़: 3 साल में 20 शादियां, लाखों की लूट, पंडित-मौलवी और ‘माता-पिता’ भी निकले फर्जी
उत्तर प्रदेश के प्रयागराज में पुलिस ने एक ऐसे गिरोह का पर्दाफाश किया है, जिसमें शामिल महिला ने पिछले तीन सालों में 20 से ज्यादा शादियां और निकाह कर लाखों की ठगी की। यह गिरोह न केवल हिंदू युवकों से शादी करता था, बल्कि मुस्लिम युवकों को भी निशाना बनाता था। शातिर लुटेरी दुल्हन के साथ पंडित, मौलवी और माता-पिता की भूमिका निभाने वाले जालसाज भी इस गिरोह का हिस्सा थे।
पुलिस जांच में सामने आया कि यह गिरोह उत्तर प्रदेश, हरियाणा, राजस्थान और मध्य प्रदेश में सक्रिय था। गिरोह का मास्टरमाइंड श्रीराम गुर्जर बताया गया है, जो अलवर का रहने वाला है और वही शिकार की तलाश से लेकर पूरे ठगी प्लान को अंजाम देने की जिम्मेदारी संभालता था। प्रयागराज पुलिस ने एक गुप्त सूचना के आधार पर घनश्याम नगर रेलवे क्रॉसिंग के पास से गिरोह की एक महिला सदस्य शहाना को गिरफ्तार किया, जिसके बाद निशानदेही पर कई अन्य सदस्यों को भी पकड़ा गया।
गिरोह का तरीका बेहद शातिर था—पहले अविवाहित और असहाय युवकों की तलाश की जाती, फिर लड़की से मिलवाकर जल्दबाज़ी में शादी या निकाह कर दिया जाता। जैसे ही दुल्हन को मौका मिलता, वह नकदी, गहने और कीमती सामान समेटकर फरार हो जाती थी। कभी-कभी वह सुहागरात से ठीक पहले भाग जाती, तो कभी दो-तीन दिन बाद विदाई के बहाने निकल जाती थी।
पुलिस ने खुलासा किया कि तीन साल में इस गैंग ने करीब 60 लाख रुपये की ठगी की है। गिरफ्त में आए आरोपी अब पुलिस हिरासत में हैं और पूरे मामले की गहन पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि इस गैंग से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश जारी है। मामले ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी है।
Share this content:
