May 1, 2026

जालौन: शादी की खुशियां मातम में बदलीं, बेतवा नदी में डूबे दो युवक, गांव में छाया सन्नाटा

उत्तर प्रदेश के जालौन जिले के कहटा गांव में एक शादी समारोह की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब बेतवा नदी में नहाते समय दो युवकों की डूबने से मौत हो गई। यह हादसा शनिवार दोपहर हुआ, जब हमीरपुर जिले से शादी में शामिल होने आए चार युवक नदी में नहाने गए थे।

जानकारी के अनुसार, राठ कोतवाली क्षेत्र के जराखर गांव निवासी 18 वर्षीय अभिषेक नहाते वक्त गहरे पानी में चला गया। उसे बचाने के लिए 21 वर्षीय अंकित, निवासी ग्राम धवल (जलालपुर थाना क्षेत्र) भी नदी में कूद गया। दोनों को तैरना नहीं आता था, और वे तेज बहाव और गहराई में फंसकर डूब गए।

घटना की सूचना मिलते ही गांव में अफरा-तफरी मच गई। पुलिस और प्रशासन मौके पर पहुंचे, और गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। करीब छह घंटे बाद रात 9 बजे दोनों शवों को नदी से बाहर निकाला जा सका। शवों को उरई मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

स्थानीय लोगों ने बताया कि जिस स्थान पर हादसा हुआ, वहां हाल ही में मौरंग खनन के कारण नदी की गहराई बहुत बढ़ गई है, जिससे यह स्थान खतरनाक हो गया है। ग्रामीणों ने प्रशासन से ऐसी जगहों की जांच और सुरक्षा इंतजाम की मांग की है।

सीओ अर्चना सिंह ने बताया कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और जो भी तथ्य सामने आएंगे, उस पर कार्रवाई होगी। फिलहाल दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। इधर, मृतकों के परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है, और शादी का घर एक पल में शोक सभा में बदल गया।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!