आंध्र प्रदेश में पारिवारिक हिंसा का दिल दहला देने वाला मामला: पत्नी और बच्चों ने मिलकर किया पति पर जानलेवा हमला
आंध्र प्रदेश के कृष्णा जिले के मछलीपट्टनम इलाके से एक रौंगटे खड़े कर देने वाला मामला सामने आया है, जिसमें एक महिला ने अपने ही बच्चों के साथ मिलकर अपने पति की बेरहमी से पिटाई की और फिर मरा समझकर कुएं में फेंक दिया।
घटना कालेखानपेट की है, जहां उषारानी नामक महिला ने अपने बेटे और बेटी के साथ मिलकर पति प्रसाद पर जानलेवा हमला किया। जब प्रसाद गहरी नींद में था, तभी तीनों ने उसके हाथ-पैर बांध दिए और बुरी तरह पीटा। बेहोशी की हालत में जब प्रसाद की कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई, तो उन्होंने समझा कि वह मर चुका है और उसे पास के कुएं में फेंक दिया। यहां तक कि उसके ऊपर पत्थर भी फेंके गए ताकि वह बच न सके।
हालांकि किस्मत से कुछ स्थानीय लोगों की नजर कुएं में पड़े प्रसाद पर पड़ी और उन्होंने उसे बाहर निकालकर अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के बाद होश में आने पर प्रसाद ने पूरी घटना का खुलासा पुलिस के सामने किया।
इससे पहले, उषारानी ने पुलिस और रिश्तेदारों को यह कहकर गुमराह करने की कोशिश की कि रिश्तेदारों ने उसके पति पर हमला किया है। लेकिन जब प्रसाद ने सच्चाई बताई, तो पुलिस भी चौंक गई।
पूछताछ में उषारानी ने जुर्म कबूल कर लिया है। उसने बताया कि उसका पति हमेशा उसे डांटता था और वह मानसिक रूप से बेहद परेशान थी। इस वजह से उसने अपने बेटे (बीटेक छात्र) और बेटी (हाईस्कूल छात्रा) के साथ मिलकर प्रसाद को मारने की योजना बनाई।
पुलिस ने फिलहाल उषारानी और उसके बेटे को गिरफ्तार कर लिया है। बेटी की भूमिका की जांच की जा रही है। इस घटना ने पूरे इलाके को हिला दिया है और पारिवारिक रिश्तों के भीतर छिपी हिंसा को सामने लाया है।
Share this content:
