April 30, 2026

उत्तर प्रदेश में शांतिपूर्ण माहौल में अता हुई बकरीद की नमाज़, अलर्ट पर रहा पुलिस बल

उत्तर प्रदेश के विभिन्न शहरों में आज बकरीद का त्योहार अमन, भाईचारे और शांति के माहौल में मनाया गया। लखनऊ से लेकर मेरठ और संभल तक, मस्जिदों और ईदगाहों में हजारों लोगों ने ईद-उल-अजहा की नमाज अता की और देश की तरक्की व अमन-चैन की दुआ मांगी।

राजधानी लखनऊ के ऐशबाग ईदगाह में हजारों की संख्या में मुस्लिम समुदाय के लोगों ने सुबह ईद की नमाज़ पढ़ी। नमाज के बाद लोगों ने एक-दूसरे को गले लगाकर मुबारकबाद दी और कुर्बानी की परंपरा शुरू की गई।

संभल जिले में भी बकरीद की नमाज 105 ईदगाहों और 688 मस्जिदों में पूरी अकीदत के साथ संपन्न हुई। डीएम डॉ. राजेंद्र पैंसिया और एसपी कृष्ण कुमार बिश्नोई ने सुरक्षा व्यवस्था का खुद जायजा लिया। भारी पुलिस बल की मौजूदगी में पर्व पूरी तरह शांतिपूर्ण और व्यवस्थित रहा। कुर्बानी स्थलों पर सफाई व्यवस्था के लिए नगर पालिका ने 737 सफाई कर्मचारियों और 67 वाहनों की तैनाती की थी।

मेरठ में शहर काजी डॉ. जैनस सालिकिन ने नमाज से पहले तकरीर में कहा कि मुस्लिम समाज को तालीम की राह पर आगे बढ़ना चाहिए। उन्होंने शिक्षा को तरक्की का जरिया बताते हुए ब्याज के लेन-देन से बचने, सफाई पर ध्यान देने और पड़ोसियों से अच्छे रिश्ते रखने की अपील की। नमाज के बाद उन्होंने भाईचारे और ईमानदारी से जीवन जीने का पैगाम दिया।

राज्यभर में पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क रहा, जिससे किसी भी इलाके से कोई अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। कुल मिलाकर यूपी में इस बार बकरीद का पर्व सौहार्द, अनुशासन और आपसी प्रेम की मिसाल बनकर सामने आया।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!