गाजीपुर में ढाई फीट जमीन के लिए हत्या: 20 साल पुराना विवाद बना जानलेवा
उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले के गहमर थाना क्षेत्र के मनिया गांव में 20 वर्षों से चल रहे ढाई फीट जमीन के विवाद ने शुक्रवार को एक अधेड़ की जान ले ली। 55 वर्षीय मसूद खान की उसी ज़मीन के विवाद में गला दबाकर हत्या कर दी गई।
जानकारी के अनुसार, मसूद खान अपने पुश्तैनी मकान में जुमे की नमाज़ के बाद आराम कर रहे थे। तभी पड़ोस के काश्तकार और पूर्व ग्राम प्रधान कृष्ण मौर्य द्वारा मसूद खान की जमीन से सटी जगह पर सीमेंटेड खंभा लगाने की कोशिश की गई।
परिजनों के मुताबिक, मसूद खान जब इसका विरोध करने मौके पर पहुंचे तो कृष्ण मौर्य और उनके साथियों ने गाली-गलौज करते हुए गला दबाकर उनकी हत्या कर दी।
20 साल पुराना विवाद
मसूद खान और विपक्षी पक्ष के बीच यह जमीन विवाद करीब 20 साल से सिविल कोर्ट में विचाराधीन है। दोनों पक्षों ने अपने-अपने हिस्से से ढाई-ढाई फीट जमीन छोड़ने की बात कही थी। लेकिन हाल ही में जब एक पक्ष ने सीधा खंभा गाड़ना शुरू किया, तब यह झगड़ा फिर से भड़क गया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
घटना की सूचना मिलते ही एसपी ग्रामीण और क्षेत्राधिकारी समेत छह थानों की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने तीन लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वहीं शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।
यह वारदात न सिर्फ जमीन विवादों की गंभीरता को उजागर करती है, बल्कि ग्रामीण इलाकों में कानून व्यवस्था की चुनौती को भी सामने लाती है।
Share this content:
