देश में कहां होगी झमाझम बारिश और कहां पड़ेगी चिलचिलाती गर्मी? जानिए मौसम विभाग का ताजा अपडेट
जून की शुरुआत के साथ देश में मौसम के दो अलग-अलग रूप देखने को मिल रहे हैं। एक तरफ जहां उत्तर और पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में चिलचिलाती गर्मी से लोग बेहाल हैं, वहीं दूसरी ओर दक्षिण और पूर्वोत्तर राज्यों में मानसून की आहट झमाझम बारिश के रूप में हो चुकी है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने देशभर के मौसम को लेकर ताज़ा पूर्वानुमान जारी किया है।
किन राज्यों में होगी भारी बारिश?
पूर्वोत्तर भारत के असम और मेघालय में गरज-चमक के साथ भारी बारिश जारी रहेगी और कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि की संभावना भी जताई गई है। इसके अलावा छत्तीसगढ़, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश, गोवा, महाराष्ट्र और राजस्थान के अलग-अलग हिस्सों में आंधी-तूफान और बिजली की गर्जना के साथ बारिश होने के आसार हैं। तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद में भी अगले कई दिनों तक बादलों का डेरा रहेगा और येलो अलर्ट जारी किया गया है। हल्की से मध्यम बारिश के साथ गरज के साथ तूफान की चेतावनी दी गई है।
कहां-कहां पड़ेगी चिलचिलाती गर्मी?
दिल्ली-NCR में इस सप्ताह बारिश की कोई संभावना नहीं है। तापमान लगातार बढ़ने की ओर है और अधिकतम तापमान 41 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच सकता है। शनिवार को अधिकतम तापमान 39 डिग्री और न्यूनतम 26 डिग्री सेल्सियस के आसपास रह सकता है।
ओडिशा और पश्चिमी राजस्थान में मौसम विभाग ने लू का अलर्ट जारी किया है। ओडिशा में गर्म हवाएं परेशान करेंगी, जबकि राजस्थान के बीकानेर समेत कई जिलों में 45 डिग्री तक तापमान पहुंच सकता है और लू चलने की पूरी संभावना है। यह स्थिति शनिवार से सोमवार तक बनी रह सकती है।
देश के पूर्वी और दक्षिणी राज्यों में जहां मानसून की हलचल शुरू हो गई है, वहीं उत्तरी और पश्चिमी भारत के कई इलाके अब भी गर्म हवाओं और भीषण गर्मी की चपेट में हैं। ऐसे में मौसम विभाग की सलाह है कि लू और तेज बारिश दोनों ही स्थितियों से सतर्क रहें और जरूरी एहतियात बरतें।
Share this content:
