दिल्ली: DU की छात्रा की बेरहमी से हत्या, दोस्त ने चाकू मारकर गला घोंटा और शव जलाने की कोशिश की
दिल्ली के महरौली स्थित संजय वन से एक 18 वर्षीय छात्रा की हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतका दिल्ली यूनिवर्सिटी के स्कूल ऑफ ओपन लर्निंग की छात्रा थी, जो 1 जून को क्लास के लिए घर से निकली थी, लेकिन वापस नहीं लौटी।
शाम तक घर नहीं पहुंचने पर परिजनों ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। इसी बीच एक कॉल आया, जो आरोपी अर्शकृत के पिता का था। उन्होंने बताया कि उनके बेटे पर संजय वन में चाकू से हमला हुआ है और वह अस्पताल में भर्ती है।
पुलिस जांच में सामने आया कि अर्शकृत ने ही पीड़िता को मिलने के बहाने पार्क बुलाया, सुनसान जगह पर ले जाकर चाकू मारा, फिर गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी और शव जलाने की कोशिश की। सीसीटीवी फुटेज में दोनों साथ जाते दिखे लेकिन लौटते वक्त अकेला अर्शकृत दिखा, जिससे शक की सुई उसी पर टिकी।
पूछताछ में उसने अपना गुनाह कबूल कर लिया। पुलिस ने शव बरामद कर लिया है और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। हत्या और सबूत मिटाने की धाराओं में केस दर्ज कर आगे की जांच जारी है।
Share this content:
