April 21, 2026

उदयपुर में फिल्म ‘दृश्यम’ जैसा मामला: वृद्धा की हत्या कर शव जलाकर सबूत मिटाने की कोशिश

राजस्थान के उदयपुर जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां फरवरी माह में 70 वर्षीय वृद्धा चांद बाई की हत्या कर उनके शव को जलाकर सबूत मिटाने की कोशिश की गई। इस केस का खुलासा पुलिस ने किया है और बताया है कि आरोपी रमेश लोहार ने यह वारदात बॉलीवुड फिल्म ‘दृश्यम’ से प्रेरणा लेकर अंजाम दी। उसने हत्या छिपाने के लिए शव को जला दिया, ताकि पुलिस के पास कोई ठोस सबूत न हो और केस दर्ज न हो सके।

चांद बाई गांव की एक ढोल बजाने वाली थीं, जो फरवरी में अचानक लापता हो गई थीं। शुरुआत में यह मामला गुमशुदगी का लगा, लेकिन पुलिस की जांच में बड़ा खुलासा हुआ। आरोपी रमेश ने बताया कि वह महिला को झांसे में लेकर वैन में बैठाकर गुंदली ले गया, जहां अंधेरा होने के बाद लोहे के पाइप से वार कर उसकी हत्या कर दी। इसके बाद उसने वृद्धा के गहने उतार लिए और उनका मोबाइल बंद कर सड़क किनारे फेंक दिया। फिर शव को पास के डंपिंग यार्ड में जला दिया ताकि पहचान न हो सके।

पुलिस ने रमेश की निशानदेही पर अधजली हड्डियां, कपाल, दांत और अन्य अवशेष बरामद किए। डीएनए जांच से पुष्टि हुई कि शव चांद बाई का ही है। मावली एडीएसपी मनीष कुमार ने बताया कि आरोपी देर रात तक ‘दृश्यम’ जैसी फिल्मों और क्राइम सीरियल देखता था और उसने कहा था कि अगर लाश न मिली तो पुलिस केस नहीं बना पाएगी। इसी सोच के चलते उसने यह वारदात की।

रमेश लोहार पर पहले भी दुष्कर्म का मामला दर्ज है, जिसकी सुनवाई कोर्ट में चल रही है। पुलिस ने हत्या में उपयोग किए गए लोहे के पाइप, गहने और मोबाइल जब्त कर मामले की गंभीरता से जांच जारी रखी है। इस घटना ने इलाके में सनसनी मचा दी है और सुरक्षा की चिंता बढ़ा दी है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!