बिजनौर में मामूली पेड़ विवाद ने ली जान, छोटे भाई और बेटे ने मिलकर की बड़े भाई की हत्या
उत्तर प्रदेश के बिजनौर जिले के बांकपुर गांव में एक दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां दो भाइयों के बीच महज एक टूटे हुए यूकेलिप्टस के पेड़ को लेकर हुए विवाद ने ऐसा विकराल रूप ले लिया कि छोटे भाई और उसके बेटे ने मिलकर बड़े भाई की हत्या कर दी।
शनिवार को आई तेज आंधी में सतेंद्र उर्फ संजय का यूकेलिप्टस का पेड़ टूटकर उसके बड़े भाई राजकुमार उर्फ राजू के खेत में गिर गया, जिससे वहां की गन्ने की फसल दब गई। फसल बचाने के लिए राजकुमार ने पेड़ की शाखाएं काट दीं, लेकिन सतेंद्र को शक हुआ कि उसके पेड़ को जानबूझकर काटा गया है। इसी बात पर दोनों भाइयों में कहासुनी शुरू हुई जो धीरे-धीरे मारपीट तक जा पहुंची।
झगड़े के दौरान सतेंद्र की पत्नी विनोद और बेटा हिमांशु भी खेत पर पहुंच गए। गुस्से में आकर सतेंद्र ने फावड़े से राजकुमार पर हमला कर दिया, और इसके बाद हिमांशु ने तमंचे से गोली मार दी। गोली लगने से राजकुमार गंभीर रूप से घायल हो गए। गांववालों की मदद से उन्हें जिला अस्पताल पहुंचाया गया, जहां से हालत गंभीर होने पर मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।
दो दिन तक अस्पताल में जिंदगी और मौत से जूझने के बाद सोमवार को राजकुमार की मौत हो गई। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज करते हुए सतेंद्र और उसके बेटे हिमांशु को गिरफ्तार कर लिया। हिरासत में पुलिस को तमंचा बरामद कराने के दौरान हिमांशु ने भागने की कोशिश भी की, जिसमें वह घायल हो गया।
बिजनौर के एसपी देहात विनय कुमार सिंह ने बताया कि महज दो-तीन हजार रुपये की कीमत वाले पेड़ के विवाद ने एक जीवन खत्म कर दिया। फिलहाल पुलिस जांच कर रही है और आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है। गांव में इस घटना के बाद गम और सनसनी का माहौल है।
Share this content:
