मुंबई डूबी पानी में… रेड अलर्ट, NDRF तैनात, ट्रेनें थमीं, बसें रुकीं – मानसून ने कहर बरपा दिया!
मुंबई और महाराष्ट्र के तटीय इलाकों में मानो आसमान फट पड़ा हो। जिस बारिश का इंतज़ार जून की 5 तारीख को था, वह 10 दिन पहले ही कहर बनकर टूटी है। रविवार देर रात से शुरू हुई मूसलाधार बारिश ने सोमवार सुबह तक जनजीवन पूरी तरह से अस्त-व्यस्त कर दिया। भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने दोपहर 12:38 बजे मुंबई, ठाणे और रायगढ़ के लिए रेड अलर्ट जारी कर दिया। इसके बाद से पूरे शहर में दहशत और अफरातफरी का माहौल है।
दक्षिण मुंबई के नरीमन पॉइंट में सुबह 9 से 10 बजे के बीच 104 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई, जबकि कोलाबा में सिर्फ तीन घंटे में 105.2 मिमी पानी बरस गया। जुहू एयरपोर्ट (63.5 मिमी), बांद्रा (68.5 मिमी), और सांताक्रूज़ (55 मिमी) जैसे इलाकों में भी भारी वर्षा हुई। मुंबई की सड़कों पर जगह-जगह जलभराव, जाम, और बसों के रूट डायवर्जन की वजह से लोगों का बाहर निकलना मुश्किल हो गया है।
मध्य रेलवे और हार्बर लाइन की ट्रेनें जहां ट्रैक पर पानी भरने से धीमी या रुकी हुई हैं, वहीं पश्चिमी रेलवे की कुछ सेवाएं सामान्य रूप से चल रही हैं। मुंबई मेट्रो लाइन-3 की सेवाएं तकनीकी समस्या के चलते वर्ली स्टेशन तक ही सीमित कर दी गई हैं। NDRF की टीमें भी हालात संभालने के लिए मैदान में उतर चुकी हैं।
महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने हालात की गंभीरता को देखते हुए बीएमसी के आपदा नियंत्रण कक्ष का निरीक्षण किया। वहीं राज्य के आपदा प्रबंधन मंत्री गिरीश महाजन ने बताया कि यह प्री-मानसून बारिश सामान्य से 15 दिन पहले आ गई है और 10-11 जून तक अब कोई बड़ा सिस्टम नहीं दिख रहा है। उन्होंने इस बारिश को “कम समय में ज्यादा बारिश” की चेतावनी बताया।
मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिण-पश्चिम मानसून ने महाराष्ट्र में सिंधुदुर्ग और आसपास के इलाकों में दस्तक दे दी है। यह 1960 के बाद केवल सातवीं बार है जब मई में ही मानसून ने राज्य में प्रवेश किया है। इससे पहले 1990 में यह सबसे जल्दी, 20 मई को दर्ज हुआ था।
पुणे स्थित IMD वैज्ञानिक एस.डी. सनप के अनुसार, अगले तीन दिनों में मानसून मुंबई और पुणे के बाकी हिस्सों में भी पूरी तरह से सक्रिय हो सकता है। कोंकण, मध्य महाराष्ट्र और नासिक से लेकर कोल्हापुर तक भारी बारिश दर्ज की जा रही है।
फिलहाल, मुंबई वालों को सतर्क रहने की ज़रूरत है क्योंकि हालात अभी और बिगड़ सकते हैं। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि जब तक ज़रूरी न हो, घरों से बाहर न निकलें।
Share this content:
