April 26, 2026

आंधी-तूफान से पाकिस्तान में आफत ही आफत, 13 की मौत-100 के करीब घायल

पाकिस्तान के पंजाब प्रांत में भारी बारिश और आंधी-तूफान ने तबाही मचा दी है। अब तक 13 लोगों की मौत हो चुकी है और 100 से ज्यादा लोग घायल बताए जा रहे हैं। मौसम विभाग ने आगामी कुछ घंटों में भी तेज आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की है। इस खराब मौसम का असर हवाई यातायात पर भी पड़ा है, कई उड़ानें या तो रद्द कर दी गई हैं या फिर देर से चल रही हैं।

प्रांतीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (PDMA) के मुताबिक अचानक हुए मौसम में बदलाव ने पंजाब के कई जिलों को प्रभावित किया है। PDMA के महानिदेशक इरफान अली काठिया ने राज्य के सभी डिप्टी कमिश्नरों और बचाव एजेंसियों को अलर्ट रहने का निर्देश दिया है। खराब मौसम को देखते हुए इमरजेंसी हालात से निपटने के लिए सभी संबंधित विभागों को सतर्क किया गया है।

बारिश के कारण कई सड़कों पर पानी भर गया है और कई मार्ग अवरुद्ध हो गए हैं। इस बीच प्रशासन ने हेल्पलाइन नंबर 1129 जारी किया है, जिस पर आम नागरिक किसी भी आपात स्थिति में संपर्क कर सकते हैं। नागरिकों को बिजली के खंभों और लटकते तारों से दूर रहने की सलाह दी गई है। साथ ही, आंधी और बिजली गिरने के समय खुले स्थानों में न रहने और गैरज़रूरी यात्रा से बचने की अपील की गई है।

खराब मौसम का असर हवाई सेवाओं पर भी देखने को मिला। कराची से लाहौर आ रही एक फ्लाइट को रनवे पर भारी तूफान का सामना करना पड़ा। उड़ान को लैंडिंग से रोक दिया गया और वापस कराची लौटने का निर्देश दिया गया। मौसम की इस मार का असर 22 से अधिक उड़ानों पर पड़ा है।

पंजाब के विभिन्न जिलों में तेज हवाओं और बारिश के कारण भारी नुकसान हुआ है। बिजली के खंभे गिर गए हैं और कुछ स्थानों पर पेड़ भी उखड़ गए हैं। राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया गया है और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

मौसम विभाग ने रावलपिंडी, मरी, अटक, चकवाल, मंडी बहाउद्दीन, लाहौर, सियालकोट, फैसलाबाद, मुल्तान समेत कई जिलों में बारिश और तेज हवाओं का अलर्ट जारी किया है। विभाग का कहना है कि अगले 24 घंटे तक ऐसे ही हालात बने रहने की संभावना है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!