आपके बच्चों की सेहत के लिए खतरा बन सकता है उनका ही बिस्तर, मैट्रेस में छुपे हैं ज़हरीले राज
हर रात जब आप अपने बच्चे को प्यार से सुलाते हैं, तो क्या आपको यह अंदाज़ा होता है कि जिस बिस्तर पर वो सो रहा है, वही उसकी सेहत के लिए सबसे बड़ा खतरा बन सकता है? एक हालिया शोध ने माता-पिता के लिए चिंता बढ़ाने वाली सच्चाई उजागर की है—बच्चों के मैट्रेस और बिस्तर से निकलने वाले ज़हरीले केमिकल्स उनके विकास, हॉर्मोन सिस्टम और भविष्य दोनों को प्रभावित कर सकते हैं।
रिसर्च के अनुसार, इन गद्दों में बड़ी मात्रा में थैलेट्स (Phthalates) जैसे रसायन पाए गए हैं, जो बच्चों के लिए बेहद हानिकारक हैं। यही थैलेट्स कई देशों में बच्चों के खिलौनों में बैन किए जा चुके हैं, लेकिन अफसोस की बात है कि इन्हें मैट्रेस निर्माण में अब भी इस्तेमाल किया जा रहा है। विशेषज्ञों के अनुसार, ये केमिकल्स न सिर्फ बच्चों के हार्मोनल सिस्टम को प्रभावित करते हैं बल्कि जल्दी प्यूबर्टी, प्रजनन से जुड़ी परेशानियों और यहां तक कि जननांगों में भी समस्याएं पैदा कर सकते हैं।
बड़ों की तुलना में बच्चों पर इन केमिकल्स का असर कई गुना ज्यादा होता है। इसका एक बड़ा कारण है कि शिशुओं का शरीर पूरी तरह विकसित नहीं होता, उनकी त्वचा अधिक पतली होती है, जिससे यह ज़हरीले तत्व ज्यादा तेजी से शरीर में प्रवेश कर जाते हैं। इतना ही नहीं, बच्चे बड़ों की तुलना में 10 गुना अधिक तेजी से सांस लेते हैं, जिससे हवा में घुले केमिकल्स उनके फेफड़ों तक ज्यादा मात्रा में पहुंचते हैं।
इस खतरे से बचने के लिए पैरेंट्स को सतर्क होना जरूरी है। विशेषज्ञ सलाह देते हैं कि—
बच्चों के बिस्तर पर ज्यादा तकिए, खिलौने या कंबल न रखें।
बेडशीट और कवर को बार-बार धोते रहें ताकि उनमें जमा केमिकल घट सकें।
बिना रंग या बिना डाई वाली बेडिंग का इस्तेमाल करें।
कॉटन से बने मैट्रेस प्रोटेक्टर का इस्तेमाल करें, ये एक तरह की सुरक्षात्मक परत का काम करते हैं।
और सबसे ज़रूरी—मैट्रेस खरीदते समय लेटेक्स, ऑर्गेनिक कॉटन या मेरिनो ऊन जैसे नेचुरल मटेरियल से बने प्रोडक्ट ही चुनें।
बच्चों की सेहत और सुरक्षा के लिए सतर्क रहना आज की सबसे बड़ी ज़िम्मेदारी बन चुकी है। हो सकता है कि अगली बार जब आप उन्हें उनके बिस्तर पर सुलाएं, तो आप पहले खुद उस बिस्तर की सुरक्षा जांच लें। कभी-कभी जो चीज़ बाहर से सबसे आरामदायक लगती है, वही अंदर से सबसे ज़्यादा ज़हरीली हो सकती है।
Share this content:
