दुनियाभर की 10 भाषाओं में बहेगी ‘उत्तर प्रदेश की खूबसूरती’ – जानिए किन 12 पर्यटक सर्किट्स की होगी ब्रांडिंग
उत्तर प्रदेश के पर्यटन स्थलों की खूबसूरती अब देश नहीं, दुनिया देखेगी – वो भी अपनी-अपनी भाषा में। प्रदेश सरकार ने एक अनोखी पहल की है, जिसके तहत अब यूपी की सांस्कृतिक, ऐतिहासिक और प्राकृतिक विरासत को 10 विदेशी भाषाओं में शॉर्ट फिल्मों के ज़रिए दुनिया के सामने लाया जाएगा।
पर्यटन विभाग इस काम के लिए अत्याधुनिक एनामॉर्फिक तकनीक से शॉर्ट फिल्में बनवाएगा, जिनमें उत्तर प्रदेश के 12 प्रमुख पर्यटक सर्किट्स को दर्शाया जाएगा। इन फिल्मों की खास बात यह होगी कि हर फिल्म में छह सर्किट को रचनात्मक तरीके से शामिल किया जाएगा और प्रत्येक फिल्म करीब दो मिनट की होगी।
यह पूरी परियोजना वैश्विक मानकों के अनुरूप तैयार कराई जाएगी और इसमें प्रदेश की सांस्कृतिक विविधता, ऐतिहासिक धरोहर और प्राकृतिक सौंदर्य को फिल्मांकन के माध्यम से इस तरह दिखाया जाएगा कि अंतरराष्ट्रीय दर्शक न सिर्फ आकर्षित हों, बल्कि उत्तर प्रदेश को अपनी यात्रा सूची में शामिल करें।
इन फिल्मों को फ्रेंच, स्पेनिश, जर्मन, इतालवी, रूसी, पुर्तगाली, अरबी, थाई, जापानी और कोरियाई भाषाओं में डब किया जाएगा। इसका उद्देश्य सिर्फ विदेशी पर्यटकों को आकर्षित करना नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश को एक वैश्विक टूरिज्म ब्रांड के रूप में स्थापित करना है।
पर्यटन विभाग ने संबंधित एजेंसी को निर्देश दिया है कि यह काम 120 दिनों के भीतर पूरा किया जाए। इससे पहले कभी भी उत्तर प्रदेश के पर्यटन स्थलों को इतने व्यापक और बहुभाषीय तरीके से पेश करने की कोशिश नहीं की गई थी।
अब नजर इस बात पर टिकी है कि कौन-कौन से वे 12 पर्यटक सर्किट हैं, जिन्हें इन फिल्मों का हिस्सा बनाया जाएगा, और किस तरह ये फिल्में ‘नए उत्तर प्रदेश’ की वैश्विक पहचान बनाएंगी।
Share this content:
