भारत के जवाबी एक्शन से घबराया पाकिस्तान, UNSC से मांगी बंद कमरे में चर्चा की अनुमति
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए भीषण आतंकी हमले के बाद भारत की सख्त कार्रवाई से पाकिस्तान में हड़कंप मच गया है। इसी के चलते पाकिस्तान ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद (UNSC) की आपात बैठक बुलाने की मांग की थी। इस अपील के बाद आज, 5 मई 2025 को, UNSC की बैठक बुलाई गई है। अब पाकिस्तान ने एक और कदम उठाते हुए अनुरोध किया है कि यह बैठक बंद दरवाजों के पीछे यानी ‘क्लोज-डोर’ चर्चा के रूप में आयोजित की जाए।
भारत और पाकिस्तान के बीच इस वक्त तनाव चरम पर है। UNSC की यह बैठक पाकिस्तान की मांग पर बुलाई गई है, जिसमें मौजूदा हालात पर विचार किया जाएगा। गौरतलब है कि बंद कमरे में होने वाली इस चर्चा का ब्योरा सार्वजनिक नहीं किया जाएगा। पाकिस्तान फिलहाल UNSC का अस्थायी सदस्य है और जुलाई 2025 में 15 सदस्यीय इस संस्था की अध्यक्षता करने जा रहा है।
भारत की कार्रवाई से डरा पाकिस्तान
संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान के स्थायी प्रतिनिधि असीम इफ्तिखार अहमद ने कहा कि यह बैठक पहलगाम आतंकी हमले के बाद बने हालात की पृष्ठभूमि में हो रही है। उन्होंने दावा किया कि यह हमला न सिर्फ क्षेत्रीय शांति बल्कि वैश्विक सुरक्षा के लिए भी खतरा बन चुका है। इसी वजह से पाकिस्तान ने UNSC से इस विषय पर गंभीर विचार-विमर्श की मांग की है।
पाकिस्तान की दोहरी रणनीति
भारत की सख्त प्रतिक्रिया के बाद पाकिस्तान की ओर से लगातार बयानों की बौछार हो रही है। कभी मिसाइल और परमाणु हमले की धमकी दी जा रही है, तो कभी अंतरराष्ट्रीय जांच की मांग उठाई जा रही है। पाकिस्तान के रक्षा, विदेश और सूचना मंत्रियों समेत पूर्व विदेश मंत्री बिलावल भुट्टो तक भारत के खिलाफ तीखे बयान दे चुके हैं। दूसरी ओर प्रधानमंत्री शहबाज शरीफ वैश्विक समुदाय से हमले की जांच की अपील करते दिख रहे हैं।
भारत ने लिया सख्त एक्शन
पहलगाम हमले में 26 निर्दोष पर्यटकों की मौत के बाद भारत सरकार ने कड़े फैसले लेते हुए सिंधु जल संधि को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है। साथ ही पाकिस्तानियों को जारी सभी वीजा रद्द कर दिए गए हैं। भारत ने पाकिस्तान स्थित उच्चायोग से अपने रक्षा सलाहकारों को वापस बुला लिया है और द्विपक्षीय व्यापारिक संबंध पूरी तरह समाप्त कर दिए हैं। यह पाकिस्तान के लिए एक बड़ा झटका माना जा रहा है।
UNSC की यह बंद कमरे में बैठक अंतरराष्ट्रीय मंच पर भारत-पाकिस्तान तनाव को लेकर आने वाले दिनों में और कई नई दिशा तय कर सकती है।
Share this content:
