बड़ा मंगल 2025: 13 मई से शुरू होगा बजरंगबली का पर्व, जानिए धार्मिक महत्व
ज्येष्ठ माह में आने वाले मंगलवार का विशेष धार्मिक महत्व होता है। इस दिन को बड़ा मंगल के नाम से जाना जाता है और यह पर्व विशेष रूप से भगवान हनुमान को समर्पित होता है। सप्ताह का हर मंगलवार हनुमान जी को समर्पित होता है, लेकिन ज्येष्ठ माह के मंगलवार को उनका विशेष पूजन करने से भक्तों की मनोकामनाएं पूरी होती हैं और सभी कष्ट दूर होते हैं। इस दिन हनुमान जी की पूजा के साथ भंडारा करने का भी विशेष महत्व है।
पंचांग के अनुसार, साल 2025 में बड़ा मंगल की शुरुआत 13 मई से हो रही है। यह दिन ज्येष्ठ मास का पहला मंगलवार है और इसी दिन पहला बड़ा मंगल मनाया जाएगा। इस दिन भक्त हनुमान जी को बूंदी या बेसन के लड्डू का भोग लगाते हैं, सिंदूर, चमेली का तेल और लाल वस्त्र अर्पित करते हैं। ऐसा करने से राम भक्त हनुमान की विशेष कृपा प्राप्त होती है।
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, ज्येष्ठ माह के मंगलवार को ही प्रभु श्रीराम और हनुमान जी की पहली मुलाकात हुई थी, इसीलिए इस दिन को बड़ा मंगल कहा जाता है। इस दिन भगवान राम और हनुमान जी दोनों की पूजा करना विशेष रूप से फलदायी माना गया है। साथ ही हनुमान चालीसा का पाठ करने से व्यक्ति को भय से मुक्ति मिलती है और जीवन में सुख-समृद्धि आती है।
Share this content:
