April 27, 2026

सिंगापुर में 16वें आम चुनाव के लिए मतदान जारी, प्रमुख दलों के बीच कड़ी टक्कर

सिंगापुर में 16वें आम चुनाव के लिए शनिवार को मतदान की प्रक्रिया सुबह 8 बजे (स्थानीय समयानुसार) से शुरू हो गई, जो रात 8 बजे तक चलेगी। मतदान को लेकर देशभर में उत्साह देखा जा रहा है और बड़ी संख्या में मतदाता मतदान केंद्रों पर पहुंच रहे हैं। यह चुनाव देश की राजनीति के लिए काफी अहम माना जा रहा है, क्योंकि इसके जरिए यह तय होगा कि सिंगापुर की जनता सत्तारूढ़ दल को फिर से मौका देती है या विपक्ष को सत्ता में लाने का फैसला करती है।

सरकारी आंकड़ों के मुताबिक, कुल 27,58,846 मतदाता इस बार अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए पात्र हैं। चुनाव को सुचारू रूप से संपन्न कराने के लिए 1,240 मतदान केंद्र स्थापित किए गए हैं। कुल 97 संसदीय सीटों में से 92 सीटों पर चुनाव हो रहे हैं, जिनमें विभिन्न दलों के 211 उम्मीदवार मैदान में हैं। मुख्य मुकाबला सत्तारूढ़ ‘पीपुल्स एक्शन पार्टी’ (पीएपी) और विपक्षी दलों जैसे ‘वर्कर्स पार्टी’ (डब्ल्यूपी) और ‘प्रोग्रेस सिंगापुर पार्टी’ (पीएसपी) के बीच है। महंगाई, जीवनयापन की लागत और विदेशी श्रमिकों की संख्या जैसे मुद्दे इस बार प्रमुख रूप से चर्चा में हैं।

पीएपी ने सभी निर्वाचन क्षेत्रों में अपने उम्मीदवार उतारे हैं, जबकि डब्ल्यूपी ने आठ निर्वाचन क्षेत्रों में 26 सीटों पर और पीएसपी ने छह निर्वाचन क्षेत्रों में 13 उम्मीदवारों को मैदान में उतारा है। इसके अलावा, चुनाव में 11 राजनीतिक दल और दो निर्दलीय उम्मीदवार भी भाग ले रहे हैं। सिंगापुर में 32 निर्वाचन क्षेत्र हैं और प्रत्येक क्षेत्र में एक या एक से अधिक संसदीय सीट होती हैं।

इस चुनाव में सिंगापुर के मौजूदा प्रधानमंत्री लॉरेंस वोंग का राजनीतिक भविष्य भी दांव पर लगा है। उन्होंने मतदाताओं से एक बार फिर पीएपी को समर्थन देने की अपील की है। चुनाव नतीजों की घोषणा देर रात तक होने की संभावना है, जिसके बाद स्पष्ट होगा कि जनता ने किस पार्टी को सत्ता की चाबी सौंपी है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!