महज 1500 रुपये के लिए मां, बेटा और बेटी ने दे दी जान, गोरखपुर से दिल दहला देने वाला मामला
उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र से एक बेहद चौंकाने वाली और दुखद घटना सामने आई है, जहां एक ही परिवार के तीन लोगों की जान महज 1500 रुपये के विवाद में चली गई। घटना में मां, बेटा और बेटी ने सामूहिक रूप से आत्महत्या कर ली, जिससे इलाके में सनसनी फैल गई और हर कोई स्तब्ध रह गया है।
जानकारी के अनुसार, 18 वर्षीय मोहित कनोजिया मुंबई में रहकर कपड़े धोने का काम करता था और अपनी मां कौशल्या देवी व बहनों की आर्थिक मदद करता था। हाल ही में वह घर लौटा था। लौटने के करीब दस दिन बाद उसने अपनी मां से अपना खराब मोबाइल ठीक कराने के लिए 1500 रुपये मांगे। मां द्वारा पैसे न देने पर घर में बहस शुरू हो गई, जिसमें उसकी 14 वर्षीय छोटी बहन भी मौजूद थी।
इस मामूली सी बात ने देखते ही देखते ऐसा रुख ले लिया जिसकी किसी को उम्मीद नहीं थी। बहस के बाद तीनों—मां कौशल्या देवी, बेटा मोहित और बेटी—ने खुदकुशी कर ली। जब पड़ोसियों को इसकी भनक लगी, तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और यह जानने की कोशिश कर रही है कि क्या आत्महत्या के पीछे कोई और दबाव या कारण भी था। वहीं इस घटना से पूरे इलाके में शोक की लहर है और लोग सवाल कर रहे हैं कि आखिर इतनी सी रकम के लिए कोई अपने पूरे परिवार की बलि कैसे चढ़ा सकता है।
Share this content:
