लखनऊ में युवती की संदिग्ध हालत में मौत, परिवार ने लगाया रेप और मर्डर का आरोप
लखनऊ के महानगर क्षेत्र से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां एक युवती का शव उसके बॉयफ्रेंड के घर पर संदिग्ध अवस्था में मिला। इस घटना ने इलाके में सनसनी फैला दी है। मृतका की बहन ने बताया कि बुधवार शाम करीब 4 बजे पवन नामक युवक उनकी दुकान पर आया और कहा कि युवती उससे झगड़ा कर रही है। इसके बाद वह उसे जबरन भीखमपुर स्थित अपने घर ले गया।
बहन को युवक की हरकतों पर शक हुआ, इसलिए वह तुरंत उसके घर पहुंची। वहां उसने देखा कि मुख्य दरवाजा खुला था, लेकिन अंदर का जालीदार दरवाजा बंद था। घर के अंदर से युवती के चीखने की आवाजें आ रही थीं। जब उसने दरवाजा खोलकर अंदर झांका, तो सामने का दृश्य देखकर उसके होश उड़ गए। युवती गंभीर हालत में पाई गई और थोड़ी देर बाद उसकी मौत हो गई।
परिजनों ने आरोप लगाया है कि युवती के साथ पहले रेप किया गया और फिर उसकी हत्या कर दी गई। पुलिस ने घटनास्थल का मुआयना किया और शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। शुरुआती रिपोर्ट के बाद पुलिस ने इस मामले में बलात्कार और हत्या की धाराएं जोड़कर जांच तेज कर दी है। आरोपी पवन की भूमिका को लेकर गहन पूछताछ की जा रही है और पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज भी खंगाल रही है।
Share this content:
