जंग के साए में पाकिस्तान ने आईएसआई चीफ को बनाया नया राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार
भारत और पाकिस्तान के बीच पहलगाम आतंकी हमले के बाद से माहौल बेहद तनावपूर्ण बना हुआ है। इस बीच पाकिस्तान सरकार ने एक ऐतिहासिक फैसला लेते हुए मौजूदा आईएसआई प्रमुख लेफ्टिनेंट जनरल मोहम्मद आसिम मलिक को देश का नया राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार (NSA) नियुक्त कर दिया है। यह पहली बार है जब पाकिस्तान में किसी आईएसआई चीफ को एक साथ दो सबसे अहम सुरक्षा पदों की जिम्मेदारी दी गई है।
जनरल आसिम मलिक को अक्टूबर 2024 में इंटर-सर्विसेज इंटेलिजेंस (ISI) का प्रमुख नियुक्त किया गया था। अब मंगलवार को पाकिस्तान के कैबिनेट डिवीजन की ओर से जारी अधिसूचना में कहा गया कि वह तत्काल प्रभाव से NSA का अतिरिक्त प्रभार संभालेंगे। इस नियुक्ति के साथ ही वे पाकिस्तान के 10वें राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार बन गए हैं। खास बात यह है कि अप्रैल 2022 से यह पद खाली पड़ा था, जब पाकिस्तान तहरीक-ए-इंसाफ की सरकार गिरने के बाद तत्कालीन NSA डॉ. मोईद यूसुफ ने पद छोड़ा था।
यह फैसला ऐसे वक्त में आया है जब भारत के साथ पाकिस्तान के रिश्ते और अधिक बिगड़ते नजर आ रहे हैं। 22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए भीषण आतंकवादी हमले में 26 लोगों की जान गई थी, जिससे दोनों देशों के बीच तनाव चरम पर पहुंच गया। ऐसे में आईएसआई प्रमुख को ही NSA की जिम्मेदारी सौंपना पाकिस्तान की रणनीतिक सोच में एक बड़ा बदलाव माना जा रहा है।
Share this content:
