इंस्टाग्राम पर शुरू हुआ इश्क, फिर पति की हत्या तक पहुंची साजिश, मोबाइल लोकेशन ने खोला राज
उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक महिला ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर पति की हत्या कर दी। बिछवा क्षेत्र के सुन्नामई गांव में रहने वाली मीरा की इंस्टाग्राम पर रिंकू नाम के युवक से दोस्ती हुई थी, जो जल्द ही प्रेम संबंध में बदल गई। मीरा ने अपने प्रेमी रिंकू के साथ मिलकर पति समीर की ईंटों से कूच-कूचकर हत्या कर दी और इस जघन्य वारदात को सड़क हादसे का रूप देने की कोशिश की। लेकिन मोबाइल लोकेशन ने दोनों की इस खौफनाक साजिश का पर्दाफाश कर दिया।
समीर (35) केरल में नौकरी करता था और होली के मौके पर कुछ दिनों के लिए अपने घर आया था। समीर मैनपुरी के बंशीगौहरा मोहल्ले में पत्नी मीरा के साथ किराए पर रहता था। होली के बाद अचानक समीर लापता हो गया। कई दिन तक कोई सुराग नहीं मिलने पर समीर की भाभी राधा ने एसपी को प्रार्थनापत्र देकर देवरानी मीरा पर गंभीर आरोप लगाए। राधा ने बताया कि मीरा का इंस्टाग्राम के जरिये रिंकू से प्रेम संबंध बना था और समीर की गैरमौजूदगी में मीरा अक्सर रिंकू से मिलती थी।
राधा ने यह भी बताया कि मीरा रिंकू को घरवालों के सामने मौसी का लड़का बताकर घर बुलाती थी। होली के बाद समीर के घर आने से मीरा और रिंकू के मिलने में दिक्कत आने लगी थी। इसके बाद 7 अप्रैल से मीरा और रिंकू दोनों गायब हो गए थे और उनके मोबाइल भी बंद थे। पुलिस ने मोबाइल लोकेशन की मदद से इस साजिश का खुलासा किया और दोनों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है।
Share this content:
