April 18, 2026

गृहमंत्री अमित शाह के निर्देश के बाद पाकिस्तानी नागरिकों के खिलाफ देशभर में कार्रवाई तेज, पुणे से अलीगढ़ तक कड़ा एक्शन

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत सरकार पाकिस्तान के खिलाफ सख्त कदम उठा रही है। इस हमले में चार हथियारबंद आतंकियों ने 26 निर्दोष लोगों की हत्या कर दी थी और जांच में सामने आया कि इन आतंकियों को पाकिस्तान से ट्रेनिंग मिली थी। इसके बाद भारत ने पाकिस्तान के खिलाफ पांच बड़े फैसले लिए हैं, जिनमें सिंधु जल समझौता रोकना, दूतावास बंद करना और देश में रह रहे सभी पाकिस्तानी नागरिकों के वीजा रद्द करना शामिल है। सभी पाकिस्तानी नागरिकों को जल्द से जल्द भारत छोड़ने का आदेश दिया गया है।

गृहमंत्री अमित शाह ने इस निर्देश को और सख्ती से लागू करने के लिए सभी राज्यों के मुख्यमंत्रियों से फोन पर बात की और पाकिस्तानियों की पहचान कर उन्हें वापस भेजने को कहा। इसके बाद देशभर में अलग-अलग राज्यों में पाकिस्तानी नागरिकों की पहचान करने और उन्हें निष्कासित करने का अभियान तेज कर दिया गया है। 48 घंटे की डेडलाइन खत्म होने के बावजूद कई पाकिस्तानी रिफ्यूजी भारत में मौजूद हैं, जिन्हें अब तेजी से बाहर निकालने की प्रक्रिया चल रही है।

महाराष्ट्र में मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने गृहमंत्री अमित शाह को जानकारी दी कि राज्य में रह रहे पाकिस्तानी नागरिकों की पहचान कर ली गई है और सभी को समयसीमा के भीतर भारत छोड़ने का आदेश दिया गया है। पुणे जिला प्रशासन ने अब तक 111 पाकिस्तानी नागरिकों की पहचान की है और उन्हें 27 अप्रैल तक देश छोड़ने का निर्देश दिया गया है। मेडिकल वीजा पर आए लोगों को 29 अप्रैल तक की अतिरिक्त मोहलत दी गई है। जिला कलेक्टर जितेंद्र डूडी ने बताया कि वीजा जारी करने वाले अधिकारियों और पासपोर्ट कार्यालय से डेटा इकट्ठा कर कार्रवाई की जा रही है।

उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में भी प्रशासन ने पाकिस्तानी नागरिकों की पहचान शुरू कर दी है। जिलाधिकारी संजीव रंजन ने बताया कि अलीगढ़ में लगभग 50 पाकिस्तानी नागरिक वीजा पर मौजूद हैं। सभी पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है और केंद्र सरकार तथा एजेंसियों को पूरा सहयोग दिया जा रहा है। केंद्र सरकार के निर्देशों के तहत देश के अन्य राज्यों में भी इसी तरह की कार्रवाई जारी है ताकि सभी पाकिस्तानी नागरिकों को भारत से निष्कासित किया जा सके।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!