April 18, 2026

भारत के कड़े कदम से बौखलाया पाकिस्तान, लगातार दूसरे दिन सीज़फायर का उल्लंघन, पूरी रात फायरिंग से दहला बॉर्डर

पहलगाम आतंकी हमले के बाद भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव और गहरा गया है, जिसका असर सीमा पर साफ देखा जा रहा है। पाकिस्तान सेना ने लगातार दूसरे दिन सीज़फायर का उल्लंघन किया और जम्मू-कश्मीर के गुरेज़ और तंगधार सेक्टर में पूरी रात फायरिंग की। भारतीय सेना ने भी पाकिस्तानी गोलीबारी का करारा जवाब दिया। दरअसल, पाकिस्तान डर के कारण रातभर फायरिंग कर रहा है, उसे आशंका है कि भारतीय सेना कहीं क्रॉस बॉर्डर कार्रवाई न कर दे। भारतीय सेना ने बताया कि 25-26 अप्रैल 2025 की रात को नियंत्रण रेखा के पार पाकिस्तानी चौकियों से बिना किसी उकसावे के फायरिंग की गई, जिसका भारतीय जवानों ने छोटे हथियारों से प्रभावी ढंग से जवाब दिया। हालांकि, गोलीबारी में किसी तरह के जानमाल के नुकसान की खबर नहीं है।

इससे पहले गुरुवार-शुक्रवार की रात को भी पाकिस्तान ने नियंत्रण रेखा पर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया था। पाकिस्तानी सेना ने कई चौकियों से फायरिंग शुरू की थी, जिसका भारतीय सेना ने पूरी ताकत से जवाब दिया। अधिकारियों के मुताबिक, गोलीबारी छोटे हथियारों से की गई थी और भारतीय सैनिकों ने इसका प्रभावी प्रतिकार किया।

22 अप्रैल को जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले ने पूरे देश को झकझोर दिया था, जिसमें 26 निर्दोष नागरिकों की जान चली गई थी और कई लोग घायल हुए थे। इस हमले के बाद पूरे देश में पाकिस्तान के खिलाफ गुस्सा भड़क उठा और सख्त कार्रवाई की मांग को लेकर व्यापक प्रदर्शन हुए। केंद्र सरकार ने भी पाकिस्तान के खिलाफ कई कड़े कदम उठाए हैं, जिसमें अटारी बॉर्डर चेक पोस्ट को बंद करना, पाकिस्तानी नागरिकों के लिए सार्क वीजा छूट योजना को निलंबित करना और दोनों देशों के उच्चायोगों में अधिकारियों की संख्या घटाना शामिल है। इसके अलावा भारत ने 1960 में हुई सिंधु जल संधि को भी निलंबित कर दिया है, जिससे पाकिस्तान पूरी तरह बौखला गया है और जवाबी कार्रवाई की धमकी दे रहा है।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!