आंध्र प्रदेश में बनेगी सऊदी अरब की रिफाइनरी, BPCL के साथ मिलकर करेगा बड़ा निवेश
भारत के रिफाइनिंग सेक्टर में सऊदी अरब एक बड़ा कदम उठाने जा रहा है। अब सऊदी अरब की सरकारी तेल कंपनी अरामको, भारत में दो रिफाइनरी बनाने के लिए भारतीय कंपनियों के साथ मिलकर काम करेगी। इनमें से एक रिफाइनरी आंध्र प्रदेश में बनेगी, जिसे भारत पेट्रोलियम कॉर्पोरेशन लिमिटेड (BPCL) तैयार कर रही है। इस रिफाइनरी की सालाना क्षमता 9-12 मिलियन टन हो सकती है और इसकी लागत लगभग 95,000 करोड़ रुपये आंकी गई है। BPCL और उसकी सहयोगी कंपनियों को इसमें 33,000 करोड़ रुपये इक्विटी निवेश करना होगा। वहीं, सऊदी अरामको इस परियोजना में 26% हिस्सेदारी खरीदने के लिए लगभग 18,000 करोड़ रुपये का निवेश कर सकती है।
इसके साथ ही, ONGC की एक अन्य रिफाइनरी परियोजना में भी अरामको 26% की हिस्सेदारी लेने के लिए बातचीत कर रही है। इससे पहले अरामको भारत में दो बार रिफाइनिंग प्रोजेक्ट में शामिल होने की कोशिश कर चुकी है लेकिन दोनों बार उसे झटका लगा। 2018 में महाराष्ट्र में एक बड़ी रिफाइनरी परियोजना जमीन अधिग्रहण की समस्या के कारण रुकी रही, जबकि 2019 में रिलायंस इंडस्ट्रीज के साथ 20% हिस्सेदारी की डील वैल्यूएशन में असहमति की वजह से टूट गई।
हाल ही में पीएम नरेंद्र मोदी से मुलाकात के बाद भारत और सऊदी अरब ने व्यापारिक साझेदारी को आगे बढ़ाने पर सहमति जताई है। जानकारों के अनुसार, सऊदी अरब यह निवेश अपने तेल के भविष्य को सुरक्षित करने और भारत जैसे बड़े बाजार में अपनी स्थिति मजबूत करने के लिए कर रहा है। साथ ही यह भी माना जा रहा है कि इस साझेदारी से पाकिस्तान को सामरिक और आर्थिक नुकसान झेलना पड़ सकता है, खासकर जब से भारत-पाकिस्तान संबंधों में हालिया हमले के बाद तनाव बढ़ा है। सऊदी अरब ने भी इस हमले की कड़ी निंदा की थी।
Share this content:
