April 19, 2026

अलीगढ़ की महिला ने लगाया धोखेबाज़ पति पर शादी का झांसा देकर कई महिलाओं को फंसाने का आरोप

अलीगढ़ जिले की रहने वाली एक महिला ने अपने पति पर शादी का झांसा देकर कई महिलाओं को ठगने और धोखा देने का आरोप लगाया है। महिला ने एसएसपी कार्यालय पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई है, जिसमें बताया गया कि आरोपी युवक सावेज खुद को अमीर दिखाने के लिए हवाई यात्रा और लग्ज़री लाइफस्टाइल की फर्जी तस्वीरें सोशल मीडिया पर डालता था और इस दिखावे के ज़रिए अमीर घरों की लड़कियों को अपने जाल में फंसाता था। पीड़िता नाहिद के मुताबिक उसकी शादी 1 दिसंबर 2021 को मुस्लिम रीति-रिवाज़ से सावेज के साथ हुई थी, जो मुज़फ्फरनगर के गांव तालड़ा तलेरा का रहने वाला है।

महिला ने बताया कि उसके पिता शमशाद ने अपनी हैसियत से बढ़कर शादी में 25 लाख रुपये खर्च किए थे, जिसमें से 14 लाख रुपये नकद आरोपी को दिए गए। शादी के बाद आरोपी कई-कई महीनों तक विदेश यात्रा का बहाना बनाकर गायब रहता और खुद को एक लाख रुपये महीने की कमाई वाला कारोबारी बताता, जबकि हकीकत में उसका कोई रोजगार नहीं था। महिला के अनुसार, शादी के कुछ समय बाद पता चला कि उसका पति पहले से शादीशुदा है और उसने विदेश से लौटने के बाद एक और महिला से विवाह कर लिया है।

पीड़िता ने बताया कि आरोपी ने उसे झूठ बोलकर शादी की, फिर तीन तलाक देकर घर से निकाल दिया। अब वह दर-दर की ठोकरें खा रही है और न्याय की गुहार लगा रही है। उसने जिला प्रशासन और अधिकारियों से आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। मामले पर थाना रोरावर के प्रभारी संजय सिंह ने कहा कि अगर महिला की शिकायत थाना या उच्च अधिकारियों के माध्यम से मिलती है तो इस पर निश्चित रूप से कार्रवाई की जाएगी।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!