मेरठ में दबंग युवक ने पुलिस टीम पर किया हमला, दारोगा को पटका, गिरफ्तारी के बाद भी दिखाया रौब
उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले के बहसूमा थाना क्षेत्र के झुनझुनी गांव में पुलिस टीम पर एक युवक द्वारा हमला करने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोपी आकाश भाटी पर पहले से ही एससी-एसटी एक्ट और मारपीट के मामले दर्ज हैं, जिनमें कोर्ट ने उसके खिलाफ गैर-जमानती वारंट जारी कर रखा था। सोमवार को जब पुलिस की टीम उसे पकड़ने गई तो आरोपी ने प्रशिक्षु दारोगा सनी कुमार पर हमला कर दिया और उसे जमीन पर पटक दिया। अन्य पुलिसकर्मियों ने काफी मशक्कत के बाद दारोगा को बचाया और आरोपी को काबू में किया। इस दौरान आरोपी ने दारोगा की जेब से पेन निकालकर हमला किया और गला घोंटने की कोशिश भी की, जिससे गर्दन और हाथ पर गंभीर चोटें आईं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी आकाश भाटी ने पहले भी एक व्यक्ति को जान से मारने की धमकी दी थी और पुलिस को उसकी लंबे समय से तलाश थी। उसके खिलाफ आठ से अधिक मामले दर्ज हैं और वह कई बार पुलिस को चकमा देकर फरार हो चुका है। गिरफ्तार किए जाने के बाद भी आरोपी ने थाने में बदतमीजी और दबंगई दिखाई। पुलिस ने आकाश को गिरफ्तार कर लिया है और उस पर पुलिस पर हमला, सरकारी काम में बाधा और धमकी जैसी धाराओं में केस दर्ज कर लिया गया है।
एसपी देहात राकेश कुमार मिश्रा ने बताया कि आरोपी के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी और पुलिसकर्मी पर हमले को किसी हाल में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। पुलिस अब आकाश भाटी की पुरानी आपराधिक गतिविधियों की भी दोबारा जांच कर रही है।
Share this content:
