आजमगढ़ में गैंगरेप की शिकार गर्भवती महिला की इलाज के दौरान मौत, पांच आरोपियों पर केस दर्ज
उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ जिले के अहरौला थाना क्षेत्र में एक पांच माह की गर्भवती गैंगरेप पीड़िता महिला की सोमवार रात जिला महिला अस्पताल में इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतका मंदबुद्धि थी और उसके पति की मृत्यु लगभग दस वर्ष पहले हो चुकी थी। परिवार किसी तरह उसकी देखभाल कर रहा था। कुछ महीने पहले गांव के ही पांच लोगों ने मिलकर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया, जिससे वह गर्भवती हो गई। तबीयत बिगड़ने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी और मेडिकल परीक्षण में महिला के गर्भवती होने और उसके शरीर में खून की भारी कमी का पता चला।
परिजनों ने 13 दिसंबर को अहरौला थाने में पांच आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया। महिला की हालत बेहद गंभीर थी और खून की व्यवस्था करने में परिवार असमर्थ था। थानाध्यक्ष मनीष पाल ने पुलिसकर्मियों की मदद से खून की व्यवस्था कराई और पीड़िता को जिला महिला अस्पताल भिजवाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। एसपी ग्रामीण चिराग जैन ने बताया कि मामले में सभी आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। रिपोर्ट आने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Share this content:
