April 19, 2026

पहलगाम आतंकी हमले के विरोध में आजमगढ़ में बाजार बंद, श्रद्धांजलि सभा और पाकिस्तान के खिलाफ नारेबाज़ी की तैयारी

जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले में धर्म पूछकर पर्यटकों की हत्या से पूरे देश में आक्रोश की लहर फैल गई है। इसी कड़ी में उत्तर प्रदेश के आजमगढ़ में सामाजिक, व्यापारिक और हिंदू संगठनों ने संयुक्त रूप से इस हमले का विरोध जताया है। सोशल मीडिया पर इस घटना के खिलाफ रोष खुलकर सामने आ रहा है। कई संगठनों ने शुक्रवार को आजमगढ़ में संपूर्ण बाजार बंद रखने का आह्वान किया है। लोगों ने भी बाजार बंद रखने के समर्थन में सोशल मीडिया पर प्रतिक्रियाएं दी हैं और आतंकी हमले के विरोध में एकजुटता दिखा रहे हैं।

‘गांधी गिरी टीम’ के सचिव विवेक पांडेय ने एक पोस्ट में जानकारी दी कि पहलगाम हमले के विरोध में आजमगढ़ नगर की सभी दुकानें शुक्रवार को बंद रहेंगी। वहीं सामाजिक संगठन के पदाधिकारी विनीत सिंह रिशू, श्रीकृष्ण सिंह और मनीष कृष्णा समेत अन्य लोगों ने भी इस घटना की निंदा करते हुए आतंकवाद के खात्मे और पाकिस्तान को कड़ा जवाब देने की मांग की है। व्यापारिक संगठनों ने भी इस बंदी का समर्थन करते हुए सभी दुकानदारों से अपील की है कि बाजार बंद कर इस अमानवीय हिंसा के विरुद्ध एकता दिखाएं।

संगठनों की ओर से यह भी बताया गया कि शुक्रवार सुबह 10 बजे शहर की पुरानी कोतवाली पर एक श्रद्धांजलि सभा आयोजित की जाएगी, जहां आतंकवाद का पुतला दहन किया जाएगा और पहलगाम हमले में जान गंवाने वाले लोगों की आत्मा की शांति के लिए श्रद्धांजलि अर्पित की जाएगी। इस सभा में अधिक से अधिक लोगों की भागीदारी की अपील की गई है ताकि आतंकी हिंसा के खिलाफ एक सशक्त संदेश दिया जा सके।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!