भारत-पाक तनाव और पहलगाम अटैक से शेयर बाजार में भूचाल, सेंसेक्स 1000 अंक टूटा, निफ्टी 23000 पर फिसला
भारत और पाकिस्तान के बीच बढ़ते तनाव और पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद शुक्रवार को भारतीय शेयर बाजार में भारी गिरावट देखी गई। बाजार की शुरुआत हरे निशान में हुई थी, लेकिन कुछ ही समय में यह लाल निशान में चला गया। सुबह 9:20 बजे सेंसेक्स 28.72 अंक की मामूली बढ़त के साथ 79,830.15 पर था और निफ्टी 99.80 प्वाइंट की तेजी के साथ 24,346.50 पर पहुंचा। हालांकि जल्द ही बाजार में गिरावट शुरू हुई और करीब 10 बजे सेंसेक्स 881 अंक टूटकर 78,919.94 पर पहुंच गया। इसके बाद गिरावट और तेज हुई और सेंसेक्स 1000 अंक से अधिक लुढ़क गया, जबकि निफ्टी 285 अंकों की गिरावट के साथ 23,961.65 पर आ गया और फिर 23000 के स्तर तक फिसल गया।
पिछले सात दिनों की तेजी के बाद गुरुवार को भी बाजार में गिरावट आई थी, जब सेंसेक्स 315.06 अंक टूटकर 79,801.43 पर और निफ्टी 82.25 अंक गिरकर 24,246.70 पर बंद हुआ था। शुक्रवार की गिरावट से निवेशकों की चिंता और बढ़ गई है। वेल्थ मिल्स सिक्योरिटीज के इक्विटी स्ट्रैटजी डायरेक्टर क्रांति बथिनी के अनुसार बाजार में हाल की तेजी के बाद मुनाफावसूली का दौर चल रहा है और भारत-पाक तनाव के चलते निवेशक सतर्क हो गए हैं।
इस बीच, भारत की ओर से पाकिस्तान पर कूटनीतिक दबाव बनाने के बाद इस्लामाबाद ने नई दिल्ली के साथ सभी व्यापारिक गतिविधियों पर रोक लगा दी है। पाकिस्तान ने चेतावनी दी है कि यदि भारत सिंधु जल संधि को तोड़कर जल प्रवाह रोकने की कोशिश करता है, तो इसे युद्ध की कार्रवाई माना जाएगा।
वैश्विक बाजारों की बात करें तो वॉल स्ट्रीट में तेजी के कारण एशियाई बाजारों में सकारात्मक रुख देखा गया। जापान का निक्केई 1.23% चढ़ा, जबकि दक्षिण कोरिया का कोस्पी 0.63% फिसला। एसएंडपी में 2.03%, नैस्डेक कंपोजिट में 2.74% और डॉउ जोन्स इंडस्ट्रियल में 1.23% की बढ़त दर्ज की गई। ताइवान का बाजार 2% ऊपर और हैंगसेंग 1.55% की उछाल के साथ कारोबार कर रहा है।
हालांकि भारतीय बाजार की गिरावट में कुछ कंपनियों ने मजबूती दिखाई। टीसीएस का स्टॉक 0.7%, इन्फोसिस 0.67%, इंडसइंड बैंक 0.31% और एचडीएफसी का शेयर 0.08% की मामूली बढ़त में रहा।
दूसरी ओर पाकिस्तान के शेयर बाजार में भी गिरावट का सिलसिला जारी है। पहलगाम हमले पर भारत की सख्त कार्रवाई के बाद गुरुवार को कराची स्टॉक इंडेक्स में 2000 अंकों की भारी गिरावट दर्ज की गई, जिससे वहां के निवेशकों में भी घबराहट है।
Share this content:
