पहलगाम हमले का खौफनाक वीडियो आया सामने, आतंकियों ने झुकवाया सिर, फिर मारी गोली; सेना का बड़ा सर्च ऑपरेशन जारी
जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले का एक नया और दिल दहला देने वाला वीडियो सामने आया है, जिसमें आतंकियों की क्रूरता साफ देखी जा सकती है। इस वीडियो में दिख रहा है कि आतंकियों ने पर्यटकों को घुटनों के बल बैठाया, उनका सिर झुकवाया और फिर गोलियों से भून डाला। वीडियो में चीख-पुकार की आवाजें भी साफ सुनी जा सकती हैं, जिससे घटना की भयावहता का अंदाज़ा लगाया जा सकता है। हालांकि वीडियो की संवेदनशीलता को देखते हुए इसे सार्वजनिक नहीं किया जा रहा है।
इस हमले के बाद सुरक्षाबलों ने पूरे जम्मू-कश्मीर में व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। खासकर पहलगाम और आसपास के इलाकों में आतंकियों के पनाहगाह और ठिकानों को निशाना बनाकर तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। जंगलों में हेलीकॉप्टर के जरिए मैपिंग की जा रही है और सेना पूरी तरह से हाई अलर्ट पर है। माना जा रहा है कि यह ऑपरेशन अब तक का सबसे बड़ा कार्रवाई अभियान हो सकता है।
उधर, भारत की सख्त प्रतिक्रिया के बीच पाकिस्तान में घबराहट का माहौल है। पाकिस्तान के रक्षा मंत्री ख्वाजा आसिफ ने बयान दिया है कि अगर भारत स्ट्राइक करता है तो पाकिस्तान जवाब देगा। साथ ही उन्होंने यह भी कहा कि पाकिस्तान अल्लाह का देश है और वही उनकी रक्षा करेगा। उनका यह बयान भारत के बढ़ते दबाव और संभावित सैन्य कार्रवाई की आशंका को दर्शाता है।
इस हमले में अब तक कम से कम 26 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हो चुकी है और कई अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। यह हमला दक्षिण कश्मीर के पहलगाम स्थित बैसरन में हुआ, जिसे ‘मिनी स्विट्ज़रलैंड’ के नाम से जाना जाता है और यह पर्यटकों के बीच बेहद लोकप्रिय स्थल है।
Share this content:
