April 19, 2026

बेंगलुरु: पूर्व DGP ओम प्रकाश की पत्नी ने की हत्या, संपत्ति विवाद बना कारण

बेंगलुरु में रविवार को कर्नाटक के पूर्व पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) ओम प्रकाश की संदिग्ध परिस्थितियों में हत्या कर दी गई। शुरुआती जांच में उनकी पत्नी पल्लवी पर चाकू से हमला कर हत्या करने का संदेह जताया जा रहा है। पुलिस ने पल्लवी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। घटना के समय घर में पत्नी और बेटी के अलावा कोई और मौजूद नहीं था।पुलिस सूत्रों के अनुसार, ओम प्रकाश अपनी पूरी संपत्ति अपने बेटे के नाम करना चाहते थे, जबकि उनकी पत्नी पल्लवी भी उसमें हिस्सा चाहती थीं। इसी संपत्ति विवाद के चलते दोनों के बीच अक्सर झगड़ा होता रहता था। यहां तक कि एक व्हाट्सएप ग्रुप में पल्लवी ने कथित तौर पर अपने पति द्वारा प्रताड़ित किए जाने और बेटी सहित उन्हें बंदूक दिखाकर मारने की धमकी देने का भी जिक्र किया था। वहीं, कुछ सूत्रों का यह भी कहना है कि ओम प्रकाश ने भी अपने कुछ मित्र अधिकारियों से पत्नी के व्यवहार को लेकर परेशानी जताई थी। पुलिस को घटनास्थल से वह चाकू बरामद हो गया है, जिससे कथित तौर पर ओम प्रकाश पर हमला किया गया था। हालांकि, इसकी पुष्टि के लिए पुलिस फोरेंसिक रिपोर्ट का इंतजार कर रही है। पुलिस ने ओम प्रकाश के बेटे की शिकायत पर उनकी पत्नी पल्लवी और बेटी कृति को आरोपी बनाते हुए एफआईआर दर्ज कर ली है। फिलहाल, पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है और पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया जाएगा।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!