कैसे होती है ‘CID’ की शूटिंग? दया के दरवाजा तोड़ने से लेकर एक्शन सीन तक की झलक
पॉपुलर टीवी क्राइम शो ‘CID’ के दूसरे सीजन को दर्शकों का जबरदस्त प्यार मिल रहा है। हर शुक्रवार और शनिवार को इसका नया एपिसोड ऑन एयर होता है। शो के किरदार दया, अभिजीत और एसीपी प्रद्युमन एक बार फिर दर्शकों का दिल जीत रहे हैं। टीवी पर इस शो को देखना जितना दिलचस्प है, उतनी ही रोचक होती है इसकी शूटिंग के पीछे की दुनिया।
शो के शूटिंग से जुड़े बीटीएस (बिहाइंड द सीन्स) वीडियोज़ सोशल मीडिया पर सामने आ रहे हैं, जिन्हें देखकर दर्शक समझ सकते हैं कि ये एपिसोड्स कैसे फिल्माए जाते हैं। इंस्टाग्राम पर सोनू राज नाम के एक यूजर ने कई वीडियोज़ शेयर किए हैं। उनके इंस्टाग्राम बायो के अनुसार, वह ‘CID’ के प्रोडक्शन मैनेजर हैं। उनके पेज पर शो की शूटिंग से जुड़े सीन जैसे एक्शन सीन, फॉरेंसिक लैब की तैयारी और इमोशनल सीन्स के पीछे का काम देखा जा सकता है।
हाल ही के एक एपिसोड में एसीपी प्रद्युमन की मौत दिखाई गई, जिसमें बारबोसा नाम का विलेन उन्हें मार देता है। इस इमोशनल सीन को कैसे शूट किया गया, वह भी एक वीडियो के ज़रिए देखा जा सकता है।
इसके अलावा, शो की फॉरेंसिक लैब में डॉ. सालुंखे द्वारा पोस्टमॉर्टम सीन को लेकर भी एक दिलचस्प वीडियो शेयर किया गया है। इसमें एक ऐसे कैरेक्टर को दिखाया गया है जिसकी बॉडी पूरी तरह जली हुई है। इस सीन की शूटिंग से जुड़ी तैयारियों की झलक उस वीडियो में मिलती है।
शो में दया का दरवाजा तोड़ने वाला सीन बेहद पॉपुलर है। ‘CID 2’ के पहले एपिसोड में भी यह सीन शामिल था और उस सीन का भी बीटीएस वीडियो अब सामने आ चुका है। उसमें दया को एक्शन करते हुए देखा जा सकता है।
इन वीडियोज के ज़रिए दर्शकों को पता चलता है कि सीरियल के हर सीन के पीछे कितनी मेहनत, तैयारी और टीम वर्क होता है। पर्दे पर जो कुछ मिनट का सीन दिखता है, उसके पीछे घंटों की मेहनत और टेक्निकल प्लानिंग छिपी होती है।
Share this content:
