April 19, 2026

सरकार ने बच्चों की सुरक्षा के लिए खांसी की इन 4 दवाओं पर लगाया बैन

भारत सरकार ने बच्चों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए 4 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए खांसी की कुछ दवाओं पर रोक लगा दी है। यह निर्णय उन दवाओं के खिलाफ लिया गया है, जिनका बड़े पैमाने पर खांसी के इलाज में उपयोग किया जाता है, लेकिन जिनकी संरचना 4 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए हानिकारक हो सकती है। सरकार ने खासतौर पर उन खांसी सिरपों और दवाओं पर यह बैन लगाया है, जिनमें क्लोरफेनिरामाइन मैलेट और फिनाइलफ्रीन हाइड्रोक्लोराइड के फिक्स्ड डोज कॉम्बिनेशन (FDC) शामिल हैं। यह कदम उठाने का मुख्य उद्देश्य बच्चों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और उन्हें संभावित नुकसान से बचाना है।

सरकारी नोटिफिकेशन में यह भी स्पष्ट किया गया है कि यदि दवा बनाने वाली कंपनियां इन दवाइयों के लेबल और पैकेज पर यह चेतावनी देती हैं कि “फिक्स्ड डोज कॉम्बिनेशन का उपयोग चार साल से कम उम्र के बच्चों में नहीं किया जाना चाहिए”, तो वे इन दवाओं का उत्पादन और वितरण जारी रख सकती हैं। यह निर्णय खासतौर पर बच्चों के स्वास्थ्य पर पड़ने वाले खतरों को ध्यान में रखते हुए लिया गया है, क्योंकि कई बार इन दवाओं का गलत उपयोग बच्चों को गंभीर स्वास्थ्य समस्याओं का सामना करवा सकता है।

इस फैसले के पीछे एक लंबी जांच प्रक्रिया और विशेषज्ञों की सिफारिशें भी हैं। रिपोर्ट्स के अनुसार, औषधि तकनीकी सलाहकार बोर्ड (DTAB) और विषय विशेषज्ञ समिति द्वारा इस फिक्स्ड डोज कॉम्बिनेशन (FDC) का निरीक्षण किया गया और इसके बाद यह सिफारिश की गई कि 4 साल से कम उम्र के बच्चों में ऐसे दवाओं के उपयोग को प्रतिबंधित किया जाना चाहिए। यह FDC एक आम इस्तेमाल किया जाने वाला फॉर्मूला है, जो सर्दी और एलर्जी के इलाज के लिए ओवर-द-काउंटर (OTC) दवाओं और सिरप में पाया जाता है।

भारत सरकार ने अपनी सिफारिश में यह भी कहा कि केंद्र सरकार इस बात से पूरी तरह संतुष्ट है कि देश में इन दवाओं के उत्पादन, बिक्री और वितरण पर रोक लगाना जनहित में आवश्यक और उचित है। यह कदम यह सुनिश्चित करने के लिए उठाया गया है कि बच्चों को बिना उचित निगरानी के ऐसे दवाओं का सेवन न हो, जिससे उनकी सेहत पर बुरा प्रभाव पड़ सकता है।

इस कदम का उद्देश्य न केवल बच्चों की सुरक्षा है, बल्कि यह भी सुनिश्चित करना है कि दवाइयां और उपचार सही तरीके से और केवल आवश्यक मामलों में ही इस्तेमाल की जाएं। सरकार की इस पहल से उम्मीद की जा रही है कि दवाओं का उपयोग अधिक सुरक्षित तरीके से होगा और बच्चों को किसी प्रकार के नुकसान से बचाया जा सकेगा।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!