April 18, 2026

प्रदेश में आईएएस अधिकारियों के तबादले, अयोध्या और अमेठी समेत छह जिलों के डीएम बदले

उत्तर प्रदेश सरकार ने मंगलवार को प्रशासनिक फेरबदल करते हुए अयोध्या और अमेठी समेत छह जिलों के जिलाधिकारियों को बदल दिया है। कुल 16 आईएएस अधिकारियों का तबादला किया गया है। अयोध्या के जिलाधिकारी चंद्र विजय सिंह को विशेष सचिव, अवस्थापना एवं औद्योगिक विकास विभाग की जिम्मेदारी दी गई है, जबकि चंदौली के डीएम निखिल टीकाराम फुंडे को अयोध्या का नया जिलाधिकारी बनाया गया है। अमेठी की डीएम निशा को मिशन निदेशक, राष्ट्रीय आयुष मिशन के पद पर भेजा गया है।

इटावा के डीएम अवनीश कुमार राय को बदायूं का डीएम नियुक्त किया गया है, वहीं कन्नौज के डीएम शुभ्रांत कुमार शुक्ल को इटावा भेजा गया है। मुख्यमंत्री के विशेष सचिव और अपर निदेशक, राज्य कृषि उत्पादन मंडी परिषद आशुतोष मोहन अग्निहोत्री को कन्नौज का जिलाधिकारी बनाया गया है। बदायूं की डीएम निधि श्रीवास्तव को विशेष सचिव, उच्च शिक्षा विभाग के पद पर तैनात किया गया है।

प्रयागराज के नगर आयुक्त चंद्र मोहन गर्ग को चंदौली का जिलाधिकारी बनाया गया है, जबकि जौनपुर के मुख्य विकास अधिकारी सीलम साईं तेजा को प्रयागराज का नगर आयुक्त नियुक्त किया गया है। गोरखपुर की संयुक्त मजिस्ट्रेट मृणाली अविनाश जोशी को जौनपुर का सीडीओ बनाया गया है। सहारनपुर के नगर आयुक्त संजय चौहान को अमेठी का डीएम नियुक्त किया गया है।

इसके अलावा, विशेष सचिव, उच्च शिक्षा विभाग शिपू गिरी को नगर आयुक्त सहारनपुर की जिम्मेदारी दी गई है। मिशन निदेशक, राष्ट्रीय आयुष मिशन महेंद्र वर्मा को सचिव, उत्तर प्रदेश भू-संपदा विनियामक प्राधिकरण (रेरा) बनाया गया है। मुजफ्फरनगर के सीडीओ संदीप भागिया को अपर आयुक्त, राज्यकर गौतमबुद्धनगर की जिम्मेदारी दी गई है। मेरठ के संयुक्त मजिस्ट्रेट कंडारकर कमलकिशोर देशभूषण को मुजफ्फरनगर का सीडीओ बनाया गया है। प्रतीक्षारत चल रहे राजकुमार प्रथम को विशेष सचिव, ऊर्जा विभाग के पद पर तैनात किया गया है।

 

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!