अमेरिका में नया अप्रवासन नियम लागू: सभी गैर-नागरिकों को हर समय दस्तावेज साथ रखना अनिवार्य
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप की सरकार ने अप्रवासियों को लेकर एक सख्त नियम लागू किया है, जिसके तहत अब अमेरिका में रहने वाले सभी गैर-नागरिकों को अपने कानूनी दस्तावेज 24 घंटे अपने साथ रखना अनिवार्य होगा। यह नियम 11 अप्रैल से प्रभाव में आ चुका है और इसे ‘Protecting The American People Against Invasion’ आदेश के तहत लागू किया गया है। ट्रंप प्रशासन का उद्देश्य अमेरिका में अवैध रूप से रह रहे लाखों अप्रवासियों पर शिकंजा कसना है। इस नियम को अमेरिकी अदालत की मंजूरी मिल चुकी है और इसे लागू करने के निर्देश गृह सुरक्षा विभाग (DHS) को दिए गए हैं।
नए नियम के अनुसार, अमेरिका में 30 दिन या उससे अधिक समय तक रहने वाले सभी गैर-नागरिकों को अनिवार्य रूप से फॉर्म G-325R भरकर पंजिकरण कराना होगा। जिनकी उम्र 14 वर्ष से अधिक है, उन्हें खुद यह प्रक्रिया पूरी करनी होगी, जबकि 14 साल से कम उम्र के बच्चों के लिए उनके माता-पिता यह जिम्मेदारी निभाएंगे। इसके अलावा, जो लोग 11 अप्रैल के बाद अमेरिका में प्रवेश कर रहे हैं, उन्हें भी 30 दिनों के भीतर पंजिकरण कराना अनिवार्य होगा। नियम के उल्लंघन पर जुर्माना, जेल या दोनों की सजा का प्रावधान रखा गया है। यदि कोई अप्रवासी अपना निवास स्थान बदलता है, तो उसे 10 दिनों के भीतर नया पता सरकार को सूचित करना होगा, अन्यथा 5,000 डॉलर तक का जुर्माना लगाया जा सकता है।
हालांकि यह नियम मुख्य रूप से अवैध अप्रवासियों पर केंद्रित है, लेकिन H1B वीजा, स्टूडेंट वीजा (F1) या ग्रीन कार्ड धारकों को फॉर्म G-325R भरने से छूट दी गई है। ऐसे लोग पहले से सरकार के रिकॉर्ड में दर्ज हैं, लेकिन उन्हें अपने सभी वैध दस्तावेज, जैसे पासपोर्ट, वीजा, I-94 या ग्रीन कार्ड हर समय अपने साथ रखने होंगे। यदि किसी अप्रवासी के बच्चे की उम्र 14 वर्ष हो जाती है, तो उन्हें पुनः पंजिकरण कराना और बायोमेट्रिक विवरण जैसे उंगलियों के निशान देना आवश्यक होगा।
गृह सुरक्षा विभाग की सचिव क्रिस्टी नोएम ने स्पष्ट किया है कि सभी 18 वर्ष या उससे अधिक उम्र के गैर-नागरिकों को यह दस्तावेज हर समय अपने पास रखना अनिवार्य होगा। उन्होंने बताया कि DHS को इस नियम को सख्ती से लागू करने के निर्देश दिए गए हैं। अमेरिका में लगभग 54 लाख भारतीय रहते हैं, जिनमें से 2.2 लाख के आसपास लोग अवैध रूप से रह रहे हैं, जो कुल अवैध अप्रवासियों का केवल 2% हैं। हालांकि, इस नए नियम से सभी प्रवासियों को सतर्क रहना होगा और अपने दस्तावेजों को हर समय साथ रखना सुनिश्चित करना होगा।
Share this content:
