ताजिकिस्तान में आया भूकंप, रिक्टर स्केल पर 4.2 रही तीव्रता, लोगों में दहशत
ताजिकिस्तान में शनिवार, 11 अप्रैल 2025 को भूकंप के झटके महसूस किए गए, जिससे कुछ समय के लिए लोगों में दहशत का माहौल बन गया। नेशनल सेंटर फॉर सीस्मोलॉजी (NCS) के मुताबिक, दोपहर 12:24 बजे आए इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 4.2 मापी गई। भूकंप का केंद्र जमीन के 110 किलोमीटर नीचे था। झटके लगते ही लोग घरों और दफ्तरों से बाहर निकल आए। फिलहाल किसी जानमाल के नुकसान की कोई जानकारी नहीं मिली है। यह भूकंप ताजिकिस्तान के भीतर केंद्रित था और आसपास के अन्य देशों में इसका असर महसूस हुआ या नहीं, इस बारे में अभी तक कोई पुष्टि नहीं हुई है।
हाल ही में म्यांमार में आए 7.7 तीव्रता के विनाशकारी भूकंप की वजह से करीब 3,000 लोगों की मौत हो गई थी, जबकि सैकड़ों लोग लापता और घायल हो गए थे। इस त्रासदी के बाद भारत समेत दुनिया के कई देशों ने म्यांमार में राहत और बचाव कार्य के लिए मदद भेजी थी।
भूकंप जैसी प्राकृतिक आपदाएं हमें समय-समय पर धरती के भीतर चल रही हलचलों की याद दिलाती हैं। वैज्ञानिकों के अनुसार, पृथ्वी की सतह के नीचे 12 टैक्टोनिक प्लेटें मौजूद होती हैं जो लगातार हिलती-डुलती रहती हैं। जब ये प्लेटें आपस में टकराती हैं या खिसकती हैं, तो इससे जो ऊर्जा बाहर निकलती है, वही भूकंप का कारण बनती है। कम तीव्रता वाले भूकंप से ज्यादा नुकसान नहीं होता, लेकिन अगर तीव्रता अधिक हो तो यह जानलेवा और विनाशकारी साबित हो सकता है। ऐसे में लोगों को सतर्क रहने और भूकंप के दौरान सुरक्षा उपायों को अपनाने की सलाह दी जाती है।
Share this content:
