April 19, 2026

जालंधर रेलवे स्टेशन के बाहर देर रात चलीं गोलियां, शराब पी रहे युवकों ने राहगीर पर किया फायर, बाल-बाल बची जान

जालंधर सिटी रेलवे स्टेशन के बाहर बुधवार देर रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब कुछ कार सवार युवकों ने अचानक गोलियां चला दीं। यह घटना रात करीब 1:30 बजे की है, जब स्टेशन के पास मौजूद राहगीर पर उन युवकों ने फायरिंग कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी गई है। गनीमत यह रही कि इस गोलीबारी में किसी को कोई चोट नहीं आई।

जानकारी के अनुसार, करतारपुर निवासी मनजीत सिंह रात के समय स्टेशन के पास से गुजर रहे थे। उन्होंने देखा कि कुछ युवक अपनी कार के ऊपर शराब की बोतलें रखकर खुलेआम शराब पी रहे थे। मनजीत ने जब उन्हें ऐसा करने से मना किया, तो युवकों ने आपा खो दिया और ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी। इसके बाद आरोपी युवक मौके से फरार हो गए।

चौंकाने वाली बात यह है कि कुछ दिन पहले ही इसी इलाके में एक राजनीतिक शख्स कालिया के घर पर ग्रेनेड हमला हुआ था, इसके बावजूद रेलवे रोड पर कोई पुलिस नाका नहीं था। इस लापरवाही का फायदा उठाकर आरोपी आसानी से फरार हो गए।

थाना नंबर तीन की पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटनास्थल की जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि आरोपियों की पहचान की जा सके। थाना प्रभारी ने बताया कि पीड़ित के बयान के आधार पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

इस घटना के बाद स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है और वे प्रशासन से सुरक्षा व्यवस्था सख्त करने की मांग कर रहे हैं।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!