April 19, 2026

ताजमहल के साए में शर्मनाक हरकत: विदेशी महिला पर्यटक से छेड़छाड़, आरोपी गिरफ्तार

विश्वविख्यात ताजमहल के दीदार के लिए आगरा पहुंची एक चेक रिपब्लिक की महिला पर्यटक के साथ ऐसा अनुभव हुआ, जिसकी उम्मीद किसी को नहीं होती। पश्चिमी गेट की पार्किंग के पास उस वक्त हड़कंप मच गया जब महिला ने आरोप लगाया कि एक युवक ने पहले उसे छूने की कोशिश की, और जब उसने विरोध किया तो वह अश्लील हरकतें करने लगा। इस घटना ने आगरा की पर्यटन व्यवस्था और महिला पर्यटकों की सुरक्षा को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े कर दिए हैं।

यह घटना 3 अप्रैल की बताई जा रही है। विदेशी युवती अपने ग्रुप के साथ ताजमहल घूमने आई थी और पार्किंग क्षेत्र में अपने साथियों का इंतजार कर रही थी। दोपहर का समय था और भीड़ कम थी। इसी दौरान एक युवक वहां पहुंचा और महिला के पास आकर उसे छूने की कोशिश की। जब उसने विरोध किया तो वह कुछ देर के लिए हट गया लेकिन थोड़ी ही देर में दोबारा वही हरकतें करने लगा।

घबराई महिला तुरंत अपने साथियों के पास भागी और उन्हें पूरी घटना की जानकारी दी। इसके बाद ग्रुप के गाइड की मदद से महिला पर्यटन थाना पहुंची और शिकायत दर्ज कराई। मामले को गंभीरता से लेते हुए पर्यटन पुलिस ने ताजमहल के आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले। जांच में वह युवक एक फुटेज में नजर आया, जिसकी पहचान करन के रूप में हुई। आरोपी आगरा के ताजगंज क्षेत्र में स्थित तांगा स्टैंड का रहने वाला है।

पुलिस ने तत्काल करवाई करते हुए आरोपी करन को गिरफ्तार कर लिया और थाने लाकर पूछताछ की। इंस्पेक्टर पर्यटन थाना ने बताया कि महिला पर्यटक के बयान और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर करन के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आरोपी को कोर्ट में पेश कर न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

इस घटना ने एक बार फिर से यह याद दिला दिया है कि पर्यटन स्थलों पर महिला सुरक्षा को लेकर व्यवस्था और निगरानी को और मजबूत करने की जरूरत है। आगरा जैसा शहर, जहां दुनिया भर से लोग आते हैं, वहां इस तरह की घटनाएं न केवल सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाती हैं बल्कि देश की छवि को भी धूमिल करती हैं।

Share this content:

About The Author

error: Content is protected !!